सद्दरपुर। जलालपुर के सुरहुरपुर मार्ग पर मंगलवार शाम सड़क हादसे में बाइक सवार संतराम विश्वकर्मा (62) की मौत हो गई। कटका थाना क्षेत्र के जदवापुर निवासी संतराम राइस मिल की मशीन ठीक करने का काम करते थे। हादसे में गंभीर रूप से घायल संतराम की मौत के बाद परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग पर इलाज में लापरवाही और एंबुलेंस उपलब्ध कराने में देरी का आरोप लगाया है।
चचेरे भाई विवेक विश्वकर्मा के मुताबिक, मंगलवार को संतराम अपने बेटे गौरव के साथ सुरहुरपुर स्थित राइस मिल की मशीन ठीक करने गए थे। शाम करीब 5:15 बजे दोनों अलग-अलग बाइक से घर लौट रहे थे। गौरव के साथ उसका एक दोस्त भी था। बड़ागांव स्थित पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहा तेज रफ्तार बाइक सवार गलत दिशा में आ गया और संतराम की बाइक से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि संतराम उछलकर दूर सड़क पर जा गिरे। हेलमेट निकल जाने से उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसे में दूसरे बाइक सवार को मामूली चोटें आईं। दुर्घटना के बाद वह मौके से भाग गया।
गौरव के अनुसार, पिता को गंभीर हालत में सीएचसी नगपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किए बिना ही जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां भी हालत में सुधार न होने पर उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया। करीब 20 मिनट इंतजार के बाद एंबुलेंस पहुंची। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान रात करीब नौ बजे संतराम की मौत हो गई।
पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी सर्वदा अचेत हो गईं। संतराम के चार बच्चों में बड़े बेटे अमन और बेटी अनु का विवाह हो चुका है। तीसरे नंबर की बेटी अनु (22) बीए अंतिम वर्ष की छात्रा है, जबकि सबसे छोटा बेटा गौरव (18) पढ़ाई छोड़कर पिता के काम में हाथ बंटाता था।
साढ़े तीन घंटे तक इमरजेंसी में पड़ा रहा शव
विवेक विश्वकर्मा ने मेडिकल कॉलेज में भी लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि संतराम की मौत रात नौ बजे हो गई थी, लेकिन अस्पताल की कागजी कार्रवाई में 10:15 बज गए। पुलिस चौकी पर सूचना देने के बाद भी करीब दो घंटे तक शव इमरजेंसी में बेड पर पड़ा रहा। रात करीब 12:30 बजे अलीगंज इंस्पेक्टर दिनेश सिंह के चौकी पहुंचने के बाद पुलिसकर्मी इमरजेंसी पहुंचे। इसके बाद कागजी कार्रवाई पूरी कर शव मर्च्युरी में रखवाया गया। सीओ जलालपुर अनूप सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। सीओ टांडा प्रदीप सिंह चंदेल ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सीएमओ डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने पर जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
संतराम विश्वकर्मा (फाइल फोटो)