अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर कोलकाता-जम्मू ट्रेन के सामने कूदकर 65 वर्षीय सेवानिवृत्त दरोगा इंद्र कुमार यादव ने जान दे दी। प्रारंभिक जानकारी में पारिवारिक कलह की बात सामने आई है, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
यूपी के अंबेडकरनगर में अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। सेवानिवृत्त दरोगा इंद्र कुमार यादव (65) ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। घटना सुबह करीब 7:40 बजे प्लेटफार्म नंबर एक पर जीआरपी कार्यालय के सामने हुई। वह कोलकाता से जम्मू जा रही ट्रेन के सामने कूद गए। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
विज्ञापन
अयोध्या जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र के मड़ियावा गांव निवासी इंद्र कुमार यादव करीब पांच वर्ष पहले पुलिस विभाग में दरोगा पद से सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने अकबरपुर की साबुन वाली गली मुरादाबाद में मकान बनवाया था। इसके बाद वह परिवार के साथ वहीं रहने लगे थे।
परिवार में बड़ा बेटा बबलू सीआरपीएफ में तैनात है, जबकि दो छोटे बेटे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी में पारिवारिक कलह की बात सामने आ रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं
घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। सेवानिवृत्त दरोगा ने यह कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। आरपीएफ प्रभारी अभिषेक मिश्रा ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है।