अंबेडकरनगर कलेक्ट्रेट में नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया के दौरान लाइन में खड़े प्रत्याशी।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में विभिन्न पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने वाले 20517 दावेदारों के पर्चों की जांच सोमवार को की गई। यह कार्य मंगलवार को भी चलेगा। दावेदार बुधवार को अपना नाम निर्देशन पत्र वापस ले सकेंगे। इसी दिन चुनाव चिह्न का आवंटन भी होगा ।
गौरतलब है कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ग्राम प्रधान, जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम पंचायत सदस्य के 13 हजार 41 पदों के लिए कुल 20 हजार 517 नामांकन पत्र दावेदारों ने बीते दिनों दाखिल किए थे। इन सभी नामांकन पत्रोें की जांच का कार्य विकास खंड मुख्यालयों और जिला मुख्यालय पर सोमवार को गहमागहमी के बीच शुरू हुआ। इस दौरान कर्मचारियों ने एक-एक नामांकन पत्र की विधिवत जांच की। यह कार्य मंगलवार को भी चलेगा। बुधवार को दावेदार अपना नाम निर्देशन पत्र वापस ले सकेंगे। इसी दिन अपराह्न 3 बजे के बाद चुनाव चिह्न का आवंटन भी होगा