अंबेडकरनगर। प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री गिरीशचंद्र यादव ने रोस्टर के अनुरूप बिजली उपलब्ध कराने तथा सड़कों को जल्द गड्ढामुक्त करने का निर्देश मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक में दिया। उन्होंने यहां अलग अलग योजनाओं के कई लाभार्थियों को डेमो चेक तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं को टैबलेट सौंपे।
कलेक्ट्रेट में कानून एवं विकास की समीक्षा बैठक में मंत्री ने बेसिक शिक्षा विभाग में भोजन की गुणवत्ता को तय करने तथा मानक के अनुरूप शिक्षकों की तैनाती का निर्देश दिया। पीडब्लूडी अधिशासी अभियंता से कहा कि निर्धारित समय में नई सड़कें बना ली जाएं। किसानों की बिजली बिल संबंधी शिकायतों का विशेष कैंप लगाकर तेजी से निस्तारण हो।
अस्पतालों में चिकित्सकों को अपने कक्ष में बैठने, मरीजों का बेहतर उपचार करने का सख्त निर्देश दिया। किसानों व अन्य पात्रों को योजनाओं का लाभ तत्परतापूर्वक उपलब्ध कराने को कहा। सभी तरह के निर्माण कार्य तेजी से पूरा करने को कहा। कानून व्यवस्था की समीक्षा में कहा कि अपराध को दर्ज करने के साथ ही प्रभावी कार्रवाई भी की जाए।
मंत्री ने किसान दुर्घटना कल्याण योजना में चार लाभार्थियों को 11 लाख का डेमो चेक तथा 60 लाभार्थियों को डीजल पंपसेट सौंपा। वस्त्र उद्योग से जुड़े एक लाभार्थी को 50 लाख तथा दूसरे को 30 लाख रुपये का डेमो चेक दिया गया। कई अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को भी डेमो चेक सौंपा। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के 11 लाभार्थियों को एक एक सिलाई मशीन दी।
अकबरपुर, कटेहरी व बसखारी के 15 शिक्षक-शिक्षिकाओं को मंत्री ने टैबलेट सौंपा। इस मौके पर डीएम अविनाश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष साधू वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी, सीडीओ अनुराज जैन, एडीएम डॉ. सदानंद गुप्त व एएसपी संजय समेत कई विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।