अंबेडकरनगर। जिले के किसान मुफ्त बिजली पाने के लिए 15 जुलाई तक एक मुश्त समाधान योजना (ओटीएस) में पंजीयन करा सकेंगे। प्रदेश सरकार ने किसानों की सुविधा के लिए पंजीयन के समय 30 प्रतिशत भुगतान, अवशेष बकाया तीन से छह किश्तों में जमा कराने का मौका दिया है। 10 हॉर्स पावर तक की क्षमता वाले निजी नलकूप उपभोक्ताओं को एक अप्रैल 2023 से मुफ्त बिजली दी जा रही है। इसके लिए किसानों को पिछला पूरा बिल जमा कराना अनिवार्य है।
अधीक्षण अभियंता संजय कुमार ने बताया कि निजी नलकूप उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए तीन से छह किस्तों में बकाया बिल जमा कराने का मौका 15 जुलाई तक है। ओटीएस में पंजीयन की समय सीमा बढ़ा दी गई है। योजना का ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक किसान बिजली फ्री की सुविधा का उठा सकें। बताया कि किसानों की सुविधा के लिए एक अप्रैल से ओटीएस योजना लागू है। किसानों द्वारा रुचि न दिखाए जाने के कारण पंजीयन की रफ्तार कम है।
प्रति माह 1050 यूनिट मिलेगी मुफ्त बिजली
किसान ट्यूबवेल चलाते समय यह ध्यान रखें की बिजली का मासिक बिल यदि 1050 यूनिट से अधिक पहुचेगा, तो उनको पूरे बिल का भुगतान दो रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से जमा कराना पड़ेगा। इसमें किसी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी। विभाग का कहना है कि दरअसल किसान अपने खेतों के साथ रुपये लेकर दूसरों के खेतों की सिंचाई के लिए पानी बेचते हैं, इसी के चलते इस नियम को लागू किया गया है।जनपद में नौ हजार से अधिक ट्यूबवेल उपभोक्ता हैं। इनपर 50 करोड़ रुपये से अधिक का बिजली बिल बकाया है।
15 तक बढ़ाई समय सीमा
15 जुलाई तक एक मुश्त समाधान (ओटीएस) योजना को बढ़ा दिया गया है। किसान नि:शुल्क बिजली का लाभ पाने के लिए अपना पुराना बकाया जमा करके रजिस्ट्रेशन करा लें।
- संजय कुमार, प्रभारी अधीक्षण अभियंता