अंबेडकरनगर। पीसीएस परीक्षा को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए अधिकारी, शिक्षक और कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। इस बीच ड्यूटी से बचने के लिए शिक्षक और कर्मचारियों ने बहाने बनाने शुरू कर दिए हैं। कोई राजनेता की सिफारिश लगवा रहा है तो कोई बीमारी का हवाला देने में जुटा है। प्रशासन ने फिलहाल इन सभी बातों को दरकिनार कर ड्यूटी करने का निर्देश दिया है।
22 दिसंबर को जिले में 19 परीक्षा केंद्रों पर पीसीएस परीक्षा होगी। इसके लिए जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक, रिजर्व अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा 600 से अधिक कक्ष निरीक्षक और अन्य कर्मचारी केंद्रों पर ड्यूटी निभाएंगे। परीक्षा से पहले बड़ी संख्या में कक्ष निरीक्षक ड्यूटी से बचने के लिए सिफारिश लगवा रहे हैं। बीमार होने की बात सबसे ज्यादा कही जा रही है। पहुंच वाले लोगों से भी फोन कराया जा रहा है।
इस बीच डीआईओएस गिरीश सिंह ने बताया कि पीसीएस परीक्षा को शांतिपूर्ण संपन्न कराना प्राथमिकता है। जिला स्तर पर लापरवाही बरतने वाले या बिना बताए ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। अनुपस्थिति की रिपोर्ट डीएम को दी जाएगी। कोई बीमार है तो वह सीएमओ से हस्ताक्षरित प्रमाणपत्र जमा करे, इसके बाद उच्चाधिकारियों द्वारा निर्णय लिया जाएगा।