बसखारी। आपूर्ति विभाग व बसखारी पुलिस की टीम ने बुधवार को किछौछा में छापामारी कर रसोई गैस की अवैध रीफिलिंग का पर्दाफाश किया। इस दौरान दो दर्जन से अधिक सिलेंडर बरामद कर पिता-पुत्र समेत तीन को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, बरामद सिलेंडर, मशीन व इलेक्ट्रॉनिक कांटा भारत गैस एजेंसी, किछौछा के सुपुर्द कर दिया गया।
आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को सूचना मिली थी कि किछौछा क्षेत्र में अवैध ढंग से रसोई गैस सिलेंडर की रीफिलिंग की जा रही है। इसके बाद पूर्ति निरीक्षक टांडा जयप्रकाश पांडेय ने बसखारी पुलिस के साथ किछौछा स्थित शमीम की दुकान पर छापा मारा। टीम को देखते ही वहां मौजूद शमीम व उसका पुत्र वसीम भागने लगा। पुलिस कर्मियों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया।
छानबीन में मौके से एक सिलेंडर भरा, तीन सिलेंडर चार किग्रा खाली, 2 किग्रा के 6 खाली सिलेंडर, इलेक्ट्रॉनिक मशीन व एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद हुआ। कुछ ही दूरी पर स्थित वीरू की दुकान पर भी छापा मारा, तो वहां से डेढ़ दर्जन अलग अलग क्षमता के खाली व भरे सिलेंडर बरामद हुए। यहां भी इलेक्ट्रानिक मशीन व कांटा बरामद हुआ।
टीम ने बरामद सिलेंडर व मशीन को भारत गैस एजेंसी किछौछा के सुपुर्द कर दिया, जबकि पकड़े गए तीनों आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर पुलिस ने चालान कर दिया। एसओ बसखारी ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों का चालान कर दिया गया। मामले में छानबीन की जा रही है।