अंबेडकरनगर। भाई-बहन के प्रेम का प्रतीत रक्षाबंधन का पर्व गुरुवार को पूरे जिले में उल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों के कलाई में राखी बांधी, तो भाइयों ने भी बहनों को उनकी सुरक्षा व अधिकार का संकल्प दोहराया। रक्षाबंधन के इस पवित्र मौके पर न सिर्फ घरों में चहल-पहल व खुशी का माहौल दिखा, बल्कि पूरे दिन बाजारों में भी रौनक छायी रही। राखी की दुकान से लेकर मिष्ठान की दुकानों पर पूरे दिन खरीददारों की भीड़ रही। ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगह मेले का आयोजन भी हुआ। युवाओं ने पहुंचकर मेले का भी लुत्फ उठाया। वृद्घा आश्रम अकबरपुर में भी बुजुर्गों ने रक्षा बंधन का पर्व मनाया। कई सरकारी व निजी कार्यालयों में महिला कर्मियों ने पुरुष कर्मियों को राखी बांधकर मुंह मीठा कराया।
अंतरराष्ट्रीय देहदान संघ ने भी रक्षाबंधन का पर्व हल्लास के साथ मनाया। संस्थापक केपी सिंह पॉलीवाल की प्रेरणा से संघ की प्रथम देहदानी बच्ची आस्था श्रीवास्तव के अलावा अन्य बहन पदाधिकारियों ने पुरुष पदाधिकारियों को राखी बांधी। बाद में आस्था ने अध्यक्ष के साथ जिला मुख्यालय पहुंचकर जनपद न्यायाधीश अमरजीत त्रिपाठी, डीएम राकेश कुमार मिश्र, सीएमएस सहित अन्य अधिकारियों को रक्षासूत्र बांधा। अफसरों ने आस्था को आशीर्वाद देते हुए उसके उज्जवल जीवन की कामना की। इस मौके पर शिखा वर्मा, दिनेश श्रीवास्तव, उमाकांत सिंह आदि मौजूद रहे।
आलापुर प्रतिनिधि के अनुसार जय बजरंग इंटरमीडिएट कॉलेज रामनगर, जय बजरंग बाल विद्या मंदिर, जय बजरंग पब्लिक इंटर कॉलेज, जय बजरंग पब्लिक स्कूल में रक्षा बंधन का पर्व मना। शिक्षिकाओं ने शिक्षकों को राखी बांधी। तहसील में महिला कर्मियों ने अधिकारियों व कर्मचारियों को राखी बांधी। एसडीएम भरतलाल सरोज ने सभी रक्षाबंधन पर्व की बधाई दी। इस मौके पर सीओ अमरबहादुर, ज्ञानेंद्र यादव, विधायक प्रतिनिधि अवधेश कमल व प्रमोद कुमार आदि मौजूद रहे।
बसखारी प्रतिनिधि के अनुसार भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन उत्साह के साथ मनाया गया। भीटी प्रतिनिधि के अनुसार कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं ने भीटी थाने के सिपाहियों व सीओ वीके श्रीवास्तव को राखी बांधी। सीओ ने बालिकाओं को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। छात्राओं से बेहतर शिक्षा हासिल कर आगे बढ़ने का आह्वान किया। इस मौके पर एसओ मनीष सिंह, वॉर्डेन अर्चना पांडेय समेत अन्य शिक्षिकाएं मौजूद रहीं। अकबरपुर के वृद्घाश्रम में प्रबंधक सत्यप्रकाश शुक्ल ने बताया कि रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास के साथ मना। सेवादाता शैलजा शुक्ला, रसोईया अनीता वर्मा, बुजुर्ग महिला उरेहा देवी व दुर्गावती आदि ने पुरुषों को राखी बांधी, और मुंह मीठा कराया।
अकबरपुर तहसील क्षेत्र के बनगांव डिहवा में रक्षाबंधन पर्व के मौके पर मेले का आयोजन हुआ। बाबा निहाल दास की कुटी पर आयोजित मेले में युवाओं ने पहुंचकर मेले का लुत्फ उठाया। विवाहित बहनें अपने भाई के घर पहुंचकर रक्षा बंधन पर्व की रश्म को पूरा किया, तो कहीं भाई ने बहन के ससुराल पहुंचकर रक्षाबंधन के इस पवित्र मौके का लुत्फ उठाया। लोगों ने सोशल मीडिया पर सेल्फी भी खूब शेयर किया। टांडा, केदारनगर, आलापुर, भीटी, महरुआ, कटेहरी जलालपुर आदि क्षेत्रों में रक्षाबंधन का पर्व धूमधाम से मना।