ट्रश्रवणक्षेत्र। भीटी तहसील क्षेत्र के सबना साखवीर में तीन दिन से बिजली आपूर्ति ठप है। बताया जाता है कि तेज आंधी से पोल सहित ट्रांसफार्मर उखड़ कर नीचे गिर गया। इसके बाद से लोग बिजली विभाग के अफसर-कर्मचारियों की मिन्नतें कर रहे हैं, लेकिन सुध नहीं ली जा रही है।
कटेहरी विद्युत स्टेशन से जुड़े सबना साखवीर गांव को सप्लाई देने वाला 25 केवीए का ट्रांसफार्मर पोल सहित धराशाई हो गया था। ट्रांसफार्मर गिरने से आसपास के खंभों के तार भी क्षतिग्रस्त हो गए थे। इसकी जानकारी ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों को भी दी, लेकिन तीन दिन का समय बीतने के बावजूद सुध नहीं ली जा रही है। ऐसे में बड़ी आबादी की आपूर्ति ठप है।
ग्रामीणों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। सुरेश सिंह, इंद्रजीत सिंह, अखिलेश सिंह, राधेश्याम सिंह व ममता द्विवेदी का कहना है कि विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के चलते समस्या बरकरार है। तीन दिन से आपूर्ति ठप है, लेकिन सुध नहीं ली जा रही है। एक तरफ ग्रामीणों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं मोटर न चल पाने से किसानों को सिंचाई में भी दिक्कत हो रही है। उधर, अधिशाषी अभियंता वीके पटेल का कहना है कि एक-दो दिन में व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी।