भीषण गर्मी के बीच मंगलवार सुबह से शुरू हुई बारिश ने लोगों को काफी राहत पहुंचाई। कई क्षेत्रों में झमाझम, तो कहीं हल्की बारिश हुई। बारिश का सिलसिला दोपहर तक चला। इससे एक तरफ जहां भीषण व उमसभरी गर्मी से जूझ रहे लोगों को काफी राहत मिली, वहीं गन्ना व मेंथा किसानों के चेहरे खुशी से चमक उठे। हालांकि बारिश के चलते जगह-जगह हुए जलभराव और बिजली आपूर्ति के बाधित होने से जनजीवन अस्तव्यस्त भी रहा।
गौरतलब है कि बीते दो दिन अब तक के सबसे गर्म दिन रिकार्ड किए गए थे। रविवार को जहां 44 डिग्री सेल्सियस तापमान था, वहीं सोमवार को 41 डिग्री सेल्सियस तापमान था। तेज गर्मी व उमस को देखते हुए बारिश के अनुमान लगाए जाने लगे थे।
इसी के अनुरूप सोमवार देर रात से आसमान पर काले बादल मंडराने लगे और तेज हवा चलने लगी, तो भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को कुछ राहत मिली। कई क्षेत्रों में रात में ही बूंदाबांदी हुई। मंगलवार सुबह होते-होते काले बादल बरस पड़े। जिले के ज्यादातर क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश हुई, तो कहीं हल्की बारिश हुई।
सुबह से शुरू हुई बारिश का सिलसिला अपराह्न तक जारी रहा। झमाझम हुई बारिश के चलते आम जनजीवन पूरी तरह अस्तव्यस्त हो गया। आवश्यकता पड़ने पर ही लोग घरों से बाहर निकले। सरकारी व निजी कार्यालयों में भी कर्मचारी देर से पहुंचे। बारिश के चलते दिन के तापमान में कमी आईं। इससे भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को काफी राहत मिली।
उधर बारिश ने मेंथा व गन्ना किसानों के चेहरे पर भी चमक ला दी। दरअसल आसमान से बरसती आग व सिंचाई का समुचित प्रबंध न होने से मेंथा व गन्ना की फसलें सूखने की कगार पर पहुंच गई थी। खेतों में दरार पड़ने लगी थी। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई थी।
बारिश ने किसानों की सिंचाई से संबंधित समस्या काफी हद तक दूर कर दी। वहीं बारिश का प्रतिकूल प्रभाव जिले की विद्युत आपूर्ति पर पड़ा। अकबरपुर नगर समेत जिले की अन्य ग्रामीण क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बेपटरी हो गई।
कहीं जर्जर तार टूट गए, तो कहीं ट्रांसफार्मर फुंक गया। मरैला फीडर से जुड़े उपकेंद्र के के शहजादपुर हिस्से में शाम तक व्यवधान बना रहा। अकबरपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े मीरानपुर, तमसा मार्ग, अहिराना, मुरादाबाद, बरवां बैरमपुर, गोविंदपुर गनेशपुर, शहजादपुर के कई क्षेत्र समेत कई अन्य क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति मंगलवार शाम तक बहाल नहीं हो सकी।
इसके अलावा टाउन फीडर के गौहन्ना, कटरिया, सोनगांव, अंधियरवा, बदलपुर समेत कई अन्य क्षेत्रों में शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। साउथ वेस्ट फीडर से जुड़े मरथुआ सरैया, बनगांव डिहवा, शुकुलहिया, अरजानीपुर के अलावा जलालपुर, भीटी, आलापुर व टांडा तहसील के विभिन्न क्षेत्रों में मंगलवार देर शाम आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी।