अंबेडकरनगर। अकबरपुर के नए प्लेटफाॅर्म का शुभारंभ 15 मार्च के बाद कभी भी हो सकता है। इसके साथ ही यहां अकबरपुर से जाफरगंज तक रेल लाइन दोहरीकरण का कार्य पूरा होने तथा दो नई रेल लाइन का भी शुभारंभ होगा। इसकी तैयारियां यहां तेजी से चल रही हैं। खबर यह है कि मुख्य संरक्षा आयुक्त रेलवे यहां दलबल के साथ पहुंचेंगे।
अकबरपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्म नंबर एक से जल्द ही फिर से ट्रेनें दौड़ने लगेंगी। यहां पुराने भवन को गिराकर नया भवन बनने के साथ ही नया प्लेटफाॅर्म भी लगभग तैयार हो गया है। नए प्लेटफाॅर्म पर बमुश्किल 100 मीटर काम शेष बचा है। इसे तेजी से पूरा कराया जा रहा है। तैयारी यह है कि 15 मार्च या उसके बाद कभी भी यहां रेलवे के मुख्य संरक्षा आयुक्त अन्य अधिकारियों के साथ पहुंचेंगे।
उस दौरान यहां नए प्लेटफाॅर्म का लोकार्पण होने की उम्मीद है। संरक्षा आयुक्त अकबरपुर से जाफरगंज के बीच रेल लाइन दोहरीकरण का कार्य पूरा होने के चलते उसका भी शुभारंभ करेंगे। साथ ही यहां बनी दो नई रेल लाइन का भी शुभारंभ होगा। इससे जुड़ी तैयारियां तेजी से संबंधित विभागों द्वारा की जा रही हैं। अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर पार्किंग के विस्तार के साथ ही अन्य यात्री सुविधाओं में बढ़ोत्तरी हो रही है।
नए प्लेटफाॅर्म का शुभारंभ हो जाने से यात्रियों को और ज्यादा सहूलियत मिलेगी। उन्हें अभी प्लेटफाॅर्म नंबर दो व तीन से होकर आने जाने को विवश होना पड़ रहा है।