अंबेडकरनगर। यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा–2025 में सफल अभ्यर्थियों को सोमवार को डीएम अनुपम शुक्ला व एसपी अभिजित आर शंकर ने कलेक्ट्रेट सभागार में सम्मानित किया। इस दौरान अभ्यर्थियों व उनके परिजनों को माल्यार्पण कर अंगवस्त्र, मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
महरुआ निवासी संजय दुबे के पुत्र पुरु दुबे ने यूपीएससी में 86वीं रैंक हासिल की है। वहीं टांडा के एकडल्ला के राजाराम यादव के पुत्र विपिन देव यादव ने 316वीं रैंक हासिल की है। दोनों ने अपनी सफलता की यात्रा साझा करते हुए कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास को सफलता की कुंजी बताया। डीएम अनुपम शुक्ला ने कहा कि यह उपलब्धि पूरे जनपद के लिए गर्व की बात है और इससे अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी।
सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला, एडीएम न्यायिक रंजीत सिंह व ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/ एसडीएम अकबरपुर प्रतीक्षा सिंह ने भी अभ्यर्थियों को बधाई दी। कार्यक्रम में पीडी डीआरडीए अनिल कुमार सिंह, एडीआईओ विनय कुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।