शुक्रवार को हाड़कंपाऊ ठंड ने अब तक के सभी रिकार्ड तोड़ दिए। घने कोहरे एवं सर्द हवा से समूचा जनपद ठिठुर उठा। दोपहर तक वाहन लाइट जलाकर चले। सड़कों पर लगभग पूरे दिन सन्नाटा रहा तो कर्मचारियों ने केबिन व कार्यालय का दरवाजा बंद कर काम किया।
जिला मुख्यालय पर जगह-जगह लोगों ने ठंड से बचने को निजी अलाव का सहारा लिया तो ग्रामीण क्षेत्रों में भी पूरे दिन जगह-जगह अलाव जलते रहे। बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। समय से पहले ही ज्यादातर दुकानदार अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए। वैसे तो गुरुवार से ही मौसम में अचानक परिवर्तन आ गया था लेकिन शुक्रवार को कड़ाके की ठंड ने सभी रिकार्ड तोड़ दिए।
सुबह हुई तो समूचा जनपद घने कोहरे की चपेट में था। आलम यह था कि चंद कदम की दूरी पर भी कोई चीज नहीं दिखाई दे रही थी। इससे सड़कों पर वाहन लाइट जलाकर चलने को मजबूर हुए। कोहरे के साथ-साथ सर्द हवा ने गलन में और भी वृद्धि कर दी। इससे समूचा जनपद कड़ाके की ठंड से ठिठुर उठा। अचानक सख्त हुए मौसम के तेवर ने आम लोगों की दिनचर्या पर प्रतिकूल असर डाला।
आवश्यक कार्य होने पर ही लोग घरों से बाहर निकले। सरकारी व निजी कार्यालयों में कर्मचारी पहुंचे जरूर लेकिन केबिन व कार्यालय का दरवाजा बंद कर पूरे दिन कार्य किया। अचानक खराब हुए मौसम के चलते ग्रामीण क्षेत्र से लोगों का जिला मुख्यालय पर आगमन कम हुआ।
नतीजतन एक तरफ जहां प्रमुख सड़कों पर आवागमन कम रहा तो वहीं जिला मुख्यालय के बाजारों में लगभग पूरे दिन सन्नाटा पसरा रहा। इसके चलते ज्यादातर दुकानदार समय से पहले ही अपने प्रतिष्ठान बंद कर घर चले गए। हाड़कंपाऊ ठंड के बावजूद प्रशासन सभी सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था नहीं कर सका।
अलाव को लेकर लापरवाही तब है जबकि लगभग एक माह पूर्व ही शासन से अलाव के लिए प्रत्येक तहसील को 50-50 हजार रुपये उपलब्ध करा दिए गए थे। इतना ही नहीं, नगर पालिका परिषद द्वारा भी सभी सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था नहीं की जा सकी है। लगातार बढ़ते ठंड के प्रकोप के बावजूद जिले में कंबल वितरण में तेजी नहीं आ सकी है।
दिसंबर के प्रथम सप्ताह में ही शासन से प्रत्येक तहसील में कंबल वितरण के लिए ढाई-ढाई लाख रुपये उपलब्ध करा दिए गए थे। इसके बाद भी कंबल वितरण को लेकर संबंधित अधिकारी गंभीर नहीं हो रहे हैं। ऐसे में आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के सामने विभिन्न प्रकार की समस्याएं खड़ी हो रही हैं।
अकबरपुर के छेदीलाल, छोहारा देवी, मालती देवी, जलालपुर की संगीता कुमार व मुन्नेलाल, महरुआ के शंभूदयाल व गजेंद्र ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब कड़ाके की ठंड में कंबल नहीं मिल रहा तो जब ठंड कम हो जाएगी तो उस समय कंबल लेकर क्या करेंगे। एडीएम रामसूरत पांडेय ने बताया कि सभी सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाए जाने का निर्देश दिया गया है।