एनएच 233 पर शुकुल बाजार के पास हादसे के बाद पलटा पीआरवी वाहन।
बसखारी। एनएच 233 शुक्ल बाजार के प्रतापपुर बेलवरिया मोड़ पर छुट्टा मवेशी को बचाने के चक्कर में इवेंट पर जा रहा पीआरवी वाहन दूसरे चारपहिया वाहन से टकराने के बाद पलट गया। हादसे में पीआरवी में सवार होमगार्ड चालक व एक पुलिसकर्मी के अलावा दूसरे वाहन में सवार दंपती भी चोटिल हो गए। इस दौरान कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने वाहन हटवाकर बहाल करवाया।
बसखारी के बेलदरिया निवासी गौरव दुबे अपने वाहन से पत्नी के साथ किसी काम से शुकुलबाजार जा रहे थे। दूसरी तरफ से पीआरवी वाहन 1665 इवेंट पर जा रहा था। 233 राष्ट्रीय राजमार्ग के प्रतापपुर मोड़ पर अचानक छुट्टा मवेशी आ गया। इसे बचाने के चक्कर में दोनों वाहन अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और पीआरवी वाहन पलट गया।
हादसे के बाद राहगीरों की मदद से पीआरवी सवार चालक होमगार्ड मंशाराम व पुलिसकर्मी शेषनाथ को बाहर निकाला गया। पुलिस ने घायलों को सीएचसी बसखारी भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों की हालत ठीक होने के चलते उन्हें घर भेज दिया गया। थानाध्यक्ष सुनील कुमार पांडेय ने बताया कि घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है। एनएच से वाहन हटवाकर रास्ता बहाल करा दिया गया था।