अंबेडकरनगर। महाकुंभ से मौनी अमावस्या स्नान कर वापस आ रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात को लेकर पुलिस व प्रशासनिक अमला मुस्तैद दिखा। डीएम अविनाश सिंह, एसपी केशव कुमार और एएसपी श्यामदेव ने हाईवे और स्टेट हाईवे पर जाकर व्यवस्था का जायजा लिया और श्रद्धालुओं से हालचाल पूछा।
जिलाधिकारी ने जनपद की विभिन्न सीमाओं और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे (दोस्तपुर), खंडौरा जलालपुर आदि का निरीक्षण करते हुए ड्यूटी/रूट डायवर्जन, भोजन व जलपान आदि व्यवस्थाओं में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों व पुलिस के जवानों को निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं को बेहतर से बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन के मंशानुसार यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी श्रद्धालु को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने समस्त एसडीएम को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं को नियमित भोजन एवं अन्य व्यवस्थाएं निरंतर सुगमता से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।