फोटो 16, अंबेडकरनगर कलेक्ट्रेट के निकट अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते बुनकर।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। फ्लैट रेट पर बिजली उपलब्ध कराने व बुनकरों की समस्याओं को दूर करने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश बुनकर सभा के तत्वावधान में बुनकरों का कलेक्ट्रेट के निकट अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को भी जारी रहा। कहा गया कि सरकार पूर्व में इस संबंध में किए गए वादे को पूरा नहीं कर रही है। इसके चलते पहले से ही विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे बुनकरों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक उनकी मांगों का निस्तारण नहीं होता, तब तक धरना जारी रहेगा।
जिलाध्यक्ष हाजी इफ्तेखार अहमद अंसारी ने कहा कि 3 सितंबर, 2020 को बुनकरों के साथ हुए समझौते में प्रदेश सरकार ने वादा किया था कि एक अक्तूबर से फ्लैट रेट पर बिजली योजना शुरू कर दी जाएगी। एक माह से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन अब तक योजना को लागू नहीं किया जा सका है।
प्रदेश सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि योजना के लागू न होने से बुनकरों को मुश्किलें उठानी पड़ रही हैं। वक्ताओं ने कहा कि बुनकरों की जिस प्रकार से उपेक्षा की जा रही है, वह निंदनीय है। उपेक्षा का ही नतीजा है कि एक-एक कर पॉवरलूम बंद होते जा रहे हैं। इस दौरान मुशील आलम, अल्ताफ हुसैन, फिरोज अहमद, नदीम, मोहम्मद सद्दाम, अशरफ, मोहम्मद अतहर आदि मौजूद रहे।