अंबेडकरनगर। पेट्रोलियम पदार्थों की मूल्य वृद्घि के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने सभी तहसील मुख्यालयों पर बुधवार को प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपकर कहा गया कि पेट्रोलियम पदार्थों के नाम पर जो लूट की जा रही है, वह उचित नही है। सरकार को अविलंब आम जनता को राहत देने के लिए डीजल व पेट्रोल के दाम में बड़े पैमाने पर कटौती करनी चाहिए।
जिला मुख्यालय पर पीसीसी सदस्य सुनील मिश्र व जिलाध्यक्ष रामकुमार पाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के बाद नायब तहसीलदार राहुल सिंह को ज्ञापन सौंपा। वक्ताओं ने कहा कि विभिन्न प्रकार के अप्रत्याशित शुल्क को वापस लेकर दाम में कमी लाने की जरूरत है।
पूर्व प्रदेश सचिव मोहम्मद अनीस खां, डॉ विजय शंकर तिवारी, शीतला प्रसाद श्रीवास्तव, जियाउद्दीन अंसारी, सतीश चंद्र, अवधेश मिश्र, सुखीलाल वर्मा, दयाराम पाल, रामजनम दुबे व अरविंद आदि मौजूद रहे। टांडा प्रतिनिधि के अनुसार, कार्यक्रम प्रभारी रेहान जैदी ने बतौर मुख्य अतिथि कहा कि जब देश की जनता को राहत देने के लिए डीजल व पेट्रोल के दाम में भारी कमी की जरूरत है, तब सरकार को जनता की सुध नही है। उसके पास सिर्फ गाल बजाने के अलावा और कुछ नही है।
पीसीसी सदस्य शकील अंसारी, शहबाज अंसारी व एनएसयूआई जिलाध्यक्ष मोहम्मद असद ने कहा कि जनता से यह लूट बीजेपी सरकार को बहुत महंगी पड़ेगी। कार्यक्रम में जोखन सिंह, कुलदीप उपाध्याय, राजपति पटेल, तौहीद अहमद व रामकृपाल आदि मौजूद रहे।
जलालपुर प्रतिनिधि के अनुसार, पूर्व जिलाध्यक्ष सैय्यद मेराजुद्दीन किछौछवी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पोस्ट आफिस से लेकर तहसील मुख्यालय तक जुलूस निकाला, और डीजल व पेट्रोल के दाम में लगातार वृद्धि पर केंद्र सरकार के विरुद्घ नारेबाजी की। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता आलोक पाठक, सुनील सिंह, राजपति सिंह, गुलाम रब्बानी, मारकंडेय वर्मा, सुशील कुमार व रमापति आदि मौजूद रहे।
भीटी प्रतिनिधि के अनुसार कार्यक्रम प्रभारी वरिष्ठ नेता बद्री नारायण शुक्ल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। आलापुर प्रतिनिधि के अनुसार कार्यक्रम प्रभारी गुलाम रसूल की अगुवाई में प्रदर्शन के बाद एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया। वक्ताओं ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतें लगातार गिरने के बावजूद सरकार दाम में कमीं न कर आम जनता के साथ विश्वासघात कर रही है। इस मौके पर अवधेश पांडेय, कालीप्रसाद, पुष्पलता, इरशाद अली, राजीव कुमार, राधेश्याम व सुभाषचंद्र आदि मौजूद रहे।