अंबेडकरनगर। दूसरे प्रांत व शहरों से आने वाले नागरिकों का जिला अस्पताल में थर्मल स्क्रीनिंग का सिलसिला लगातार जारी है। बुधवार को जिला अस्पताल पहुंचे 22 नागरिकों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। साथ ही उन्हें कोरोना संक्रमण से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए दूसरे प्रांतों व शहरों से आने वाले नागरिकों का जिला अस्पताल में थर्मल स्क्रीनिंग की जाती है। बुधवार को भी थर्मल स्क्रीनिंग का कार्य जारी रहा। सीएमएस डॉ. पीएन यादव ने बताया कि बुधवार को कुल 22 नागरिक थर्मल स्क्रीनिंग के लिए पहुंचे।
मातृ शिशु विंग में मौजूद डा. योगेश वर्मा व डॉ. प्रदीप गुप्ता के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने थर्मल स्क्रीनिंग की। बताया कि इसके साथ ही आने वाले नागरिकों को कोरोना संक्रमण से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कहा गया कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में जाने से बचें। घर से बाहर निकलने के दौरान न सिर्फ मास्क लगाएं, बल्कि सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन करें। समय समय पर साबुन से हाथ धोते रहें। जागरूकता के आधार पर ही कोरोना को फैलने से रोका जा सकता है।