अंबेडकरनगर। 60 करोड़ रुपये से अधिक लागत से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 10 लई सड़कों का निर्माण होगा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित होने वाली सड़कों के निर्माण के लिए प्रस्ताव गत दिवस ही शासन को भेजी गई है। पीएमजीएसवाई कार्यालय के अनुसार शासन की संस्तुति के बाद संबंधित सड़कों के निर्माण का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। संबंधित सड़कों के निर्माण से एक लाख से अधिक की आबादी को सुचारु आवागमन में लाभ मिलेगा।
नागरिकों को सुचारु आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए केंद्र व प्रदेश सरकारों द्वारा विभिन्न योजनाओं के तहत बड़े पैमाने पर न सिर्फ नई सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है, बल्कि नवीनीकरण योजना के तहत क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत भी की जा रही है। इसके अलावा सड़कों को गड्ढामुक्त करने का कार्य भी व्यापक पैमाने पर चल रहा है। इससे नागरिकों को सुचारु आवागमन में लाभ भी मिल रहा है। इस बीच अब प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जिले में 10 नई सड़कों के निर्माण के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
पीएमजीएसवाई के लिपिक मोहम्मद रेहान खान ने बताया कि योजना के तहत 60 करोड़ 5 लाख 73 हजार रुपये की लागत से 10 सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव उत्तर प्रदेश ग्रामीण सड़क विभाग अभिकरण को भेजा गया है।
बताया कि जिन सड़कों का निर्माण होना है, उसमें 510.53 लाख रुपये की लागत से टांडा बरियावन सुल्तानपुर रोड केशवपुर रामपुर रामपट्टी, 1002.76 लाख में पहितीपुर अन्नावां रोड, इनामीपुर से सलाहुद्दीनपुर मार्ग 417.23 लाख में, बैजपुर से प्रतापीपुर रोड 685.22 लाख में, पिंडोरिया से धरवत रोड 535.68 लाख में, बसखारी जलालपुर गौरा महमदपुर रोड 594.61 लाख में, रफीगंज अमदही वाया सकरा रोड 673.40 लाख में, जहांगीरगंज कम्हरिया किमी एक से सुंदरपुर खुलासपुर रोड 456.68 लाख में, एलडी रोड से जाफरगंज सैदापुर रोड 415.58 लाख में, उमरावां से रामपुर गिरंट रोड 684.04 लाख में निर्मित होंगी। बताया कि शासन से हरी झंडी मिलने के बाद जरूरी प्रक्रिया पूरी कर संबंधित सड़कों का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। सड़कों के निर्माण से एक लाख से अधिक की आबादी को सुचारु आवागमन में लाभ मिलेगा।
शासन को भेजा गया प्रस्ताव
60 करोड़ से अधिक की लागत से 10 नई सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। शासन से संस्तुति मिलने के बाद संबंधित सड़कों का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। - आशीष मेहरोत्रा, सहायक अभियंता पीएमजीएसवाई