अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल में एक्स-रे के लिए आने वाले मरीजों के लिए गुरुवार का दिन काफी अच्छा रहा। कई दिन से सेवाएं बाधित होने की खबर अमर उजाला में प्रमुखता से प्रकाशित होते रहने से अस्पताल प्रशासन हरकत में आया और एक्स-रे मशीन की तकनीकी गड़बड़ी दूर कराकर सेवाएं शुरू करा दी गईं। वहीं, डिजिटल एक्स-रे भी होने लगे। नतीजा यह रहा कि बुधवार को एक्स रे के लिए आए 100 से अधिक मरीजों को निराश नहीं होना पड़ा।
बीते चार दिनों से सामान्य एक्स रे मशीन में आई तकनीकी गड़बड़ी के चलते जहां जिला अस्पताल में एक्स रे के लिए आने वाले मरीजों को मायूस होकर वापस लौटना पड़ रहा था, वहीं बीते करीब एक माह से प्लेट न होने से डिजिटल एक्स-रे भी नहीं हो पा रहा था। इससे एक्स रे के लिए आने वाले मरीजों को मायूस होकर वापस लौटना पड़ रहा था। मरीजों की इस समस्या को अमर उजाला ने दो बार प्रमुखता से खबर प्रकाशित की। इसमें जिम्मेदार लोगों की लापरवाही व मरीजों व उनके तीमारदारों की मुश्किलों को लगातार प्रमुखता से उजागर किया गया। अमर उजाला की खबर का असर बुधवार को साफत ौर पर देखने को मिला।
न सिर्फ सामान्य एक्स रे मशीन की तकनीकी गड़बड़ी दूर कर सुचारु रूप से सामान्य एक्स रे हुआ, बल्कि प्लेट की उपलब्धता हो जाने से डिजिटल एक्स रे भी किया गया। सुचारु रूप से एक्स रे होने से 100 से अधिक मरीजों को लाभ मिला। एक्स रे के लिए आए मरीज रामअवतार, ममता, रेखा व रामसेवक ने अमर उजाला का आभार जताते हुए कहा कि यदि अमर उजाला ने मरीजों की समस्याओं को प्रमुखता से लोगों के सामने न लाया होता, तो शायद इतनी जल्द न तो मशीन की गड़बड़ी दूर होती और न ही प्लेट की उपलब्धता ही होती। उधर सीएमएस डा. एसपी गौतम ने बताया कि गड़बड़ी दूर कर सुचारु को सुचारु रूप से एक्स रे का कार्य शुरु किया गया है।