ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता में सम्मानित होते खिलाड़ी।
अंबेडकरनगर। उच्च प्राथमिक विद्यालय पहितीपुर में दो दिवसीय ग्रामीण खेल प्रतियोगिता का मंगलवार को शुभारंभ हुआ। इसमें एथलेटिक्स, कुश्ती, कबड्डी, वाॅलीबाॅल, फुटबाॅल, भारोत्तोलन, जूडो, बैडमिंटन आदि खेल हुए।
सब जूनियर बालिका वर्ग 100 मीटर और 800 मीटर दौड़ में कदियापुर गांव की प्रिया अव्वल रहीं। सब जूनियर बालक वर्ग 100 मीटर दौड़ में प्रतापपुर चमुर्खा के रिषभ पहले पायदान पर रहे। इसी गांव की रशीदा ने जूनियर बालिका वर्ग 100 मीटर दौड़ में बाजी मारी। जूनियर बालक वर्ग 100 दौड़ में बेनीपुर के प्रांजल द्विवेदी प्रथम रहे। जूनियर बालक वर्ग 200 मीटर दौड़ मेंं प्रतापपुर चमुर्खा के सूरज पहले पायदान पर रहे।
सब जूनियर बालिका और बालक वर्ग में उच्च प्राथमिक विद्यालय पहितीपुर के खिलाड़ियों ने जीत दर्ज की। जूनियर बालक कबड्डी में राजकीय हाईस्कूल पहितीपुर तथा सीनियर बालक कबड्डी मैच में ग्लोबल विज्डम स्कूल अकबरपुर के खिलाड़ियों ने विजय पताका लहराया। सीनियर बालक वर्ग वॉलीबॉल बेनीपुर की टीम विजयी रही।
मुख्य अतिथि राजकीय हाईस्कूल पहितीपुर के प्रधानाचार्य निरंकार पांडेय और उच्च प्राथमिक विद्यालय पहितीपुर की मालती देवी ने कहा कि जीवन एक कला है। इसका मुख्य अंग खेल है। आजकल युवा खेलकूद को भी कॅरियर का हिस्सा बना रहे हैं। इस दौरान क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी ज्योति मौर्य, जितेंद्र मौर्य, रामसागर वर्मा, शिवम सिंह, सुदर्शन प्रकाश त्रिपाठी, सूरज, सूर्यनाथ, महेंद्र कुमार समेत ग्रामीण खिलाड़ी मौजूद रहे।