अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एक तरफ जहां बैंक आफ इंडिया में एक व बैंक आफ बड़ौदा में 4 लोगों ने वाहन ऋण के लिए आवेदन किया है वहीं मात्र दो निजी फाइनेंस कंपनियों में ही 50 लोगों ने लोन के लिए आवेदन कर रखा है। आने वाले दिनों में इनकी संख्या और भी बढ़ सकती है।
दीपपर्व के निकट आते ही विभिन्न प्रकार के इलेक्ट्रानिक उपकरणों व वाहनों की एडवांस बुकिंग में जहां तेजी आई है वहीं वाहनों की खरीद के लिए लोगों ने राष्ट्रीयकृत बैंकों के साथ-साथ निजी फाइनेंस कंपनियों की दौड़ लगानी शुरू कर दी है।
प्रतिदिन लोग लोन के सिंबंध में जानकारी प्राप्त करने एवं आवेदन करने के लिए बैंकों व निजी फाइनेंस कंपनियों में लोग पहुंच रहे हैं। लोन की लंबी प्रक्रिया एवं इनकम टैक्स रिटर्न जैसी समस्या से बचने के लिए लोग निजी फाइनेंस कंपनियों की तरफ ज्यादा रुख कर रहे हैं।
लोन के लिए निजी कंपनियों की तरफ लोगों के आकर्षण का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जिला मुख्यालय स्थित श्रीराम फाइनेंस कंपनी में वाहनों के लोन के लिए अब तक 15 लोग, जबकि महिंद्रा फाइनेंस कंपनी में कार सहित अन्य चार पहिया वाहन के ऋण के लिए अब तक 35 लोग आवेदन कर चुके हैं।
श्रीराम फाइनेंस के क्रेडिट मैनेजर अनुराग ने बताया कि आने वाले दिनों में आवेदन करने वालों की संख्या और भी बढ़ सकती है। महिंद्रा फाइनेंस कंपनी के मैनेजर इरफान ने बताया कि आवेदन करने वालों की संख्या 50 से ऊपर पहुंचने की उम्मीद है। बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक राकेश कुमार ने बताया कि कार लोन के लिए अब तक एक आवेदन आया है।
बताया कि लोन के लिए उसी का आवेदन स्वीकार किया जाता है जिसने कम से कम तीन वर्ष तक इनकम टैक्स रिटर्न जमा किया हो। बैंक आफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक एसपी सिंह ने बताया कि वैसे तो 12 से अधिक लोग वाहन के ऋण के लिए आए, लेकिन आईटीआर कमजोर होने के चलते उनके आवेदन को स्वीकार नहीं किया गया। बताया कि अब तक 4 लोगों ने कार लोन के लिए आवेदन किया है।