अंबेडकरनगर। कोरोना वायरस को लेकर एक तरफ जहां आम नागरिकों के बीच मास्क का चलन बढ़ गया है, वहीं इससे मेडिकल स्टोर संचालकों की बांछें खिल गई हैं। मास्क खरीद में तेजी आने से मेडिकल संचालकों ने मास्क के दाम में दो से तीन गुने का इजाफा कर दिया है। इससे आम नागरिकों को तगड़ी चपत लग रही है। इस बीच स्वास्थ्य विभाग मेडिकल स्टोर संचालकों पर अंकुश लगाने को लेकर मौन साधे है। इससे उपभोक्ताओं को मजबूरन मनमाने दाम पर मास्क खरीदने को विवश होना पड़ रहा है।
कोरोना वायरस से बचने को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ती दिख रही है। कोरोना को महामारी घोषित किए जाने के बाद से इससे बचने के लिए आमतौर पर शहरी व ग्रामीण दोनों क्षेत्र के नागरिकों के बीच सजगता बढ़ने लगी है। नतीजा यह है कि साफ सफाई के साथ ही मास्क के प्रयोग पर जोर दिया जा रहा है। न सिर्फ पुरुष वरन महिलाएं भी अब मास्क पहनकर निकलती दिख रही हैं। हालांकि अभी ऐसे नागरिकों की तादाद ज्यादा नही है। फिर भी समाज के अलग अलग वर्ग से जुड़े नागरिकों ने मास्क का प्रयोग तेजी से करना शुरू किया है। दरअसल चिकित्सा विशेषज्ञों की मानें तो कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए एहतियात बरतना ही सबसे ज्यादा जरूरी है।
ऐसे में सलाह है कि आम नागरिक यदि भीड़भाड़ वाले स्थान पर जाएं तो मास्क का प्रयोग करें। कारण यह कि इस वायरस का संक्रमण मुंह व नाक के अलावा संक्रमित व्यक्ति को छूने से फैलता है। ऐसे में तमाम आम नागरिक संक्रमण से बचने के लिए मास्क का प्रयोग करते दिखाई पड़ रहे हैं। उधर, आम लोगों के बीच मॉस्क की मांग बढ़ते ही मेडिकल स्टोर संचालकों की बांछें खिल गई हैं। जिले के मेडिकल स्टोरों पर 10 से 20 रुपए में बिकने वाला मॉस्क इन दिनों 30 से 50 रुपए में बिकने लगा है। एक लेयर की मास्क की कीमत 10 रुपए थी जिसे अब 25 से 35 रुपए में बेचा जा रहा है।
इसी तरह टू लेयर की 25 रुपए वाली मास्क 65 से 70 रुपए, तीन लेयर वाली 35 रुपए की बजाए 90 से 100 में बिक्री हो रही है। इसके बावजूद आम नागरिक सुरक्षा के लिए मास्क खरीद रहे हैं। स्थानीय पंकज शुक्ल, राधेश्याम वर्मा, शिवमूरत तिवारी व मनीष पटेल आदि नागरिकों ने स्वास्थ्य विभाग से मेडिकल संचालकों की मनमानी पर अंकुश लगाए जाने की मांग की है। कहा कि यदि स्वास्थ्य महकमा समय रहते इस तरह की मनमानी पर रोक नहीं लगाएगा तो मनमानी और बढ़ सकती है।
टीम गठित कर गोपनीय तरीके से मेडिकल स्टोरों पर भेजी जाएगी। यदि किसी मेडिकल स्टोर संचालक द्वारा मास्क निर्धारित दर से अधिक पर बिक्री करते पाया गया तो उसके विरुद्घ कड़ी कार्रवाई होगी।
- डॉ. अशोक कुमार, सीएमओ