श्रवण धाम के तट पर महोत्सव के दृष्टिगत की जा रहीं तैयारियां।
अंबेडकरनगर/श्रवण क्षेत्र। ऐतिहासिक व पौराणिक स्थल श्रवण क्षेत्र धाम एक बार फिर भक्ति और संस्कृति के रंग में रंगने जा रहा है। यहां 18 से 20 जनवरी तक तीन दिवसीय श्रवण धाम महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
अकबरपुर तहसील के भीटी क्षेत्र में स्थित श्रवण धाम को रामायण काल से जुड़ा पवित्र स्थल माना जाता है। यह स्थान श्रवण कुमार की पितृभक्ति की अमर कथा से जुड़ा है। महोत्सव के माध्यम से इस पौराणिक धरोहर को रामायण सर्किट से जोड़ते हुए पर्यटन के नक्शे पर नई पहचान दिलाने की दिशा में अहम कदम उठाया जा रहा है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे इस सांस्कृतिक महाकुंभ में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करें।