प्रशिक्षुओं के प्रशिक्षण के लिए तैयार पुलिस लाइन मैदान के निरीक्षण के दौरान एसपी को निर्देेश
अंबेडकरनगर। आरक्षी नागरिक पुलिस के पद पर चयनित चार जिलों के प्रशिक्षुओंं को पुलिस लाइन में 22 जून से एक माह का जेटीसी प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए पुलिस लाइंस में प्रशिक्षुओं की आमद शुरू हो गई है। बुधवार को आईजी अयोध्या परिक्षेत्र प्रवीण कुमार ने तैयारियों का जायजा लिया और विभिन्न कक्षों का उद्घाटन भी किया।
जिले में कुल 450 अभ्यर्थी नामित किए गए हैं, इनमें से 358 पुरुष और 90 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। ये प्रशिक्षु कानपुर नगर, कानपुर देहात, श्रावस्ती और कन्नौज जिले से यहां पहुंचने लगे हैं। बुधवार को आईजी जोन अयोध्या प्रवीण कुमार पुलिस लाइंस पहुंचे और तैयारियों को देखा। साथ ही लाइब्रेरी, जिम, कंट्रोल रूम, इंडोर रूम और बारबर शॉप का फीता काटकर उद्घाटन करने के साथ ही अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया।
पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने बताया कि प्रशिक्षुओं के लिए आवासीय व्यवस्था की गई है। इसके लिए चार बैरक में 12 हाॅल हैं। एक महिला बैरक भी है। यहां पर उनके ठहरने के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। प्रशिक्षण केंद्र पर आरओ के साथ कूलर की व्यवस्था भी कराई गई है। 21 जून तक सभी को आमद करानी होगी।
21 जुलाई से शुरू होगा दूसरे चरण का प्रशिक्षण
20 जुलाई तक एक माह का प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सभी प्रशिक्षु दूसरे जिलों में नौ माह का प्रशिक्षण लेने के लिए रवाना कर दिए जाएंगे। यह प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उनको तैनाती दी जाएगी। 21 जुलाई से 400 नए प्रशिक्षुओंं का पुलिस लाइंस में दूसरे चरण का प्रशिक्षण शुरू होगा।