आलापुर (अंबेडकरनगर)। यूपी बोर्ड की प्री बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं। परीक्षार्थी उत्साहपूर्वक शामिल हो रहे हैं। परीक्षा से विद्यार्थियों की तैयारियों का मूल्यांकन किया जाएगा और उसके आधार पर ही फाइनल परीक्षा की तैयारी कराई जाएगी।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा 24 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक चलेगी। इससे पहले सभी माध्यमिक विद्यालयों में प्री बोर्ड की परीक्षाएं कराई जा रही हैं। इसके बाद इंटर के बच्चों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराई जाएंगी। प्री बोर्ड परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों की क्षमताओं को परखा जा रहा है। पं दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज रामनगर में शुक्रवार को हाईस्कूल में अंग्रेजी और इंटर में जीव विज्ञान, गणित तथा नागरिक शास्त्र विषय की परीक्षा कराई गई। प्री बोर्ड परीक्षा को लेकर अमर उजाला ने परीक्षार्थियों से अनुभव पूछा तो उन्होंने इसे फाइनल परीक्षा के लिए काफी महत्वपूर्ण बताया।
बेहतर होगी विषयों पर पकड़
प्री बोर्ड की परीक्षा कराकर हम सभी परीक्षार्थियों की तैयारी बेहतर करा दी है। सभी विषयों पर पकड़ हो जाएगी। परिणाम आने के बाद जो कमी होगी उसे दूर कर लिया जाएगा। - दिव्या भारती, हाईस्कूल
बोर्ड परीक्षा से पहले मिला अनुभव
विद्यालय में कोर्स पूरा हो चुका है। कुछ विषय में दिक्कत थी। इस परीक्षा के बाद पूरा प्रयास होगा कि जाे कमियां हैं, उसे समय से दूर कर लिया जाए। पहली बार बोर्ड परीक्षा को लेकर जो डर है वह भी खत्म हो रहा है। - रूपा, हाईस्कूल
बोर्ड परीक्षा की हुई तैयारी
प्री बोर्ड परीक्षा से काफी सहूलियत मिल जा रही है। इससे बोर्ड की तैयारी भी हो रही है। यह एक तरह से मॉकड्रिल है, जिसमें कई समस्याओं का समाधान मिल रहा है। - विवेक, इंटरमीडिएट
मिलेगी सहायता
प्री बोर्ड परीक्षा निश्चित रूप से छात्रों की हित में बेहतर होगी और शिक्षकों के लिए भी प्री बोर्ड परीक्षा परिणाम के बाद विद्यार्थियों को बेहतर ढंग से तैयारी कराने में सहायक साबित होगी। -अवधेश कुमार सोनी, प्रवक्ता भूगोल