अंबेडकरनगर। युवाओं के जीवन में खेल का काफी महत्व है। युवाओं के लिए खेल सिर्फ मनोरंजन नहीं होना चाहिए, बल्कि युवाओं को इसमें अपना कॅरियर तलाशने की जरूरत है। खेल के क्षेत्र में युवाओं के बेहतर कॅरियर की तमाम संभावनाएं भी हैं। खेल से हमें संघर्ष, धैर्य व एकजुटता की भावना भी मिलती है। ऐसे में युवाओं को खेलों में अपनी बराबर भागीदारी बनाए रखनी होगी। यह विचार शुक्रवार को शिवबाबा पवित्र धाम में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतिम दिन मुख्य अतिथि वरिष्ठ सपा नेता व पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अनिल मिश्र ने प्रकट किए। क्रिकेट का फाइनल मुकाबला प्रतापपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन कर जीता। मुख्य अतिथि ने विजेता व उपविजेता टीम को सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि ने युवाओं से खेल प्रतियोगिताओं का हिस्सा बनते रहने का आह्वान किया। आयोजन मंडल के सदस्यों की तारीफ की। कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से ही ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को निखारने में मदद मिलती है। समय-समय पर ऐसे आयोजन करते रहना चाहिए। शुक्रवार को फाइनल मुकाबला प्रतापपुर व इमामबाड़ा अकबरपुर की टीम के बीच खेला गया। टॉस जीत कर प्रतापपुर की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। इमामबाड़ा की टीम 10 ओवर में कुल 77 रन बना सकी।
प्रतापपुर की टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 7 ओवर 5 गेंद पर 78 रन बनाकर मैच जीत लिया। मुख्य अतिथि ने मैन ऑफ द सीरीज के रूप में पिंटू कुरैशी को मोबाइल व विजेता टीम को 8 हजार व उपविजेता टीम को 4 हजार रुपये दिए। आयोजन को सफल बनाने में टूर्नामेंट समिति अध्यक्ष विशाल वर्मा, अविनाश वर्मा, उमेश वर्मा, रोहित वर्मा, वैभव वर्मा, वैभवमणि मिश्र, शुभम मिश्र, दीपक शुक्ल आदि ने योगदान दिया।