अंबेडकरनगर। भीटी ब्लॉक के जैतपुर खास स्थित सरकारी गोशाला में गोवंशों की मौत और शवों को लावारिस छोड़ने के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने ग्राम प्रधान रामहेत के वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार सीज कर दिए हैं। गोशाला में गोवंशों की मौत के बाद उनके शवों को इधर-उधर फेंकने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया।
सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला के निर्देश पर डीडीओ आलोक दत्त उपाध्याय और सीवीओ डॉ. अरविंद सिंह ने मौके पर जाकर जांच की। जांच में पाया गया कि गोशाला में न तो पशुओं के रहने का ढंग ठीक था और न ही उनके चारे-पानी की व्यवस्था। यहां तक कि मृत गोवंशों को सम्मानजनक तरीके से दफनाया भी नहीं गया था।
इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में 29 जनवरी को ही ग्राम पंचायत सचिव अरुण कुमार और पशुधन प्रसार अधिकारी विनय कुमार सिंह को निलंबित किया जा चुका है। साथ ही बीडीओ को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई थी। डीएम ने ग्राम प्रधान को कारण बताओ नोटिस जारी कर 15 दिनों में जवाब मांगा था।
संतोषजनक स्पष्टीकरण न मिलने पर बृहस्पतिवार को उनके अधिकार छीन लिए गए। प्रभारी डीपीआरओ अनिल सिंह के अनुसार, मामले की अंतिम जांच के लिए जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी छोटेलाल को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।