अंबेडकरनगर। भीषण गर्मी के बीच जिले की बिजली व्यवस्था बेपटरी हो गई है। अत्यधिक खपत और ओवरलोडिंग के कारण रविवार को भी कई बिजली घरों से ट्रिपिंग होती रही, जिससे शहर से लेकर गांव तक हजारों लोग घंटों बिजली संकट झेलने को मजबूर रहे। कहीं चार घंटे तक आपूर्ति ठप रही, तो कहीं रातभर ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।
अकबरपुर-अयोध्या मार्ग स्थित नाका चुंगी क्षेत्र के करीब 12 मोहल्लों में रविवार सुबह 11 बजे बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। बैरमपुर बरवा बिजली घर से जुड़े इस इलाके में जर्जर तार बदले जाने का काम शुरू हुआ। करीब चार घंटे तक बिजली गुल रहने के बाद दोपहर तीन बजे के आसपास आपूर्ति बहाल हो सकी। इस दौरान लगभग 30 हजार की आबादी भीषण गर्मी में परेशान रही।
वहीं सुबह 11:40 बजे साउथ वेस्ट बिजली घर ओवरलोड होने के कारण बंद हो गया। इससे शहरी क्षेत्र के साथ 30 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। करीब 20 मिनट बाद ट्रांसफार्मर ठंडा होने पर दोपहर 12 बजे आपूर्ति बहाल की जा सकी। अनुमान है कि इस दौरान 20 हजार से अधिक लोग प्रभावित रहे।
शनिवार रात भी बिजली संकट बना रहा। सद्दरपुर बिजली घर रात 8:24 बजे ओवरलोड होकर बंद हो गया, जिससे बड़ी आबादी अंधेरे में डूब गई। करीब 36 मिनट बाद रात 9 बजे आपूर्ति चालू हो सकी। इसके तुरंत बाद रात 9:06 बजे कुर्की बिजली घर से भी आपूर्ति ठप हो गई, रात 10 बजे के बाद आपूर्ति बहाल हुई। रात 10:03 बजे टाउन फीडर भी ओवरलोडिंग का शिकार हो गया, जिससे शहर के कई मोहल्लों में अंधेरा छा गया। करीब एक घंटे बाद रात 11 बजे के आसपास बिजली आपूर्ति सामान्य हो सकी।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी बुरा हाल
विद्युतनगर संवाद के मुताबिक महरीपुर फीडर, अलीगंज फीडर और वीआईपी फीडर पर पिछले 24 घंटे में ट्रिपिंग की समस्या में मामूली कमी आई है, लेकिन रात के समय बिजली कटौती अभी भी जारी है। इस अघोषित बिजली कटौती से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। बिजली से संचालित लूमों पर काम ठप है। जहांगीरगंज संवाद के मुताबिक क्षेत्र में भी विद्युत कटौती का सिलसिला निरंतर जारी है। बिजली की अनियमित आपूर्ति न होने से जनता त्रस्त है। रात के समय भी बिजली की उपलब्धता बेहद कम है, जिससे लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। तेंदुआई कला और रामनगर दोनों उपकेंद्रों पर भी यही हाल है, जहां रात में मात्र दो से तीन घंटे ही बिजली मिल पा रही है। भीटी संवाद के अनुसार सेनपुर उपकेंद्र से आपूर्ति बदहाल है। शनिवार शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक कटौती हुई। इसके बाद रात 12 से तीन बजे तक बिजली गुल रही। दिन में भी कटौती का सिलसिला जारी रहा।
जेई की पिटाई में दो का शांतिभंग में चालान
अंबेडकरनगर। मरैला बिजली घर से संचालित शहजादपुर में बिजली की अनियमित आपूर्ति को लेकर जांच करने पहुंचे अवर अभियंता रविशंकर निषाद की पिटाई मामले में पुलिस ने आरोपी मो. सिराज और एजाज का शांतिभंग में चालान कर दिया है। तीन अन्य की पुलिस को तलाश है। शाहजहांपुर में शाह मोहम्मद के घर पर बिजली विभाग की टीम शनिवार की दोपहर जांच करने पहुंची थी। जहां अनियमितताएं मिलने पर जेई द्वारा वीडियो बनाए जाने पर नाराज शाह मोहम्मद, रमजान अली, सिराज, एजाज, शाहबे आलम, अब्दुल हक और अब्दुल्ला ने जेई की पिटाई कर दी थी। इंस्पेक्टर श्रीनिवास पांडेय ने बताया की दो आरोपियों का शांतिभंग में चालान किया गया है।
जल्द ठीक होगी व्यवस्था
अयोध्या-अकबरपुर मार्ग के नाकाचुंगी पर जर्जर तारों को बदलवाकर आपूर्ति बहाल करा दी गई है। अत्यधिक खपत और ओवरलोडिंग के कारण ट्रिपिंग व लो-वोल्टेज की समस्या को भी कम करने के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही व्यवस्था ठीक हो जाएगी।
- रजनीश कुमार श्रीवास्तव, अधीक्षण अभियंता