अंबेडकरनगर। बसखारी पुलिस ने शनिवार को किछौछा दरगाह क्षेत्र में खानकाह एवं होटल सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने नियम न मानने वाले नौ होटल संचालकों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की।
थाना प्रभारी सुनील कुमार पांडेय के अनुसार किछौछा दरगाह क्षेत्र में होटल और खानकाह संचालकों को लगातार सीसीटीवी कैमरे संचालित रखने, आगंतुकों का पूरा विवरण रजिस्टर में दर्ज करने तथा पहचान संबंधी दस्तावेज लेने के निर्देश दिए जा रहे हैं। बावजूद इसके कई संचालक नियमों के पालन में लापरवाही बरत रहे थे। शनिवार शाम को चौकी प्रभारी किछौछा उपनिरीक्षक कमलेश यादव ने पुलिस टीम के साथ सत्यापन अभियान चलाया। जांच के दौरान सीसीटीवी व्यवस्था, आगंतुक रजिस्टर और पहचान पत्र सत्यापन में अनियमितताएं सामने आईं।
इस पर समीर निवासी वार्ड नंबर-3 मुजफ्फरनगर बसखारी, दिलदार सोनकर निवासी गायघाट बड़हलगंज जनपद गोरखपुर, जगमोहन निवासी किछौछा, रियाज निवासी नई बस्ती बैठका रोड बसखारी, वकील अहमद निवासी किछौछा, मेराज अली निवासी बेउवा सोहावल जनपद गाजीपुर, जफर शाह निवासी कोटशाह दुर्गावती जनपद कैमूर बिहार, सैफुद्दीन निवासी शहादतपुर जंगीपुर गाजीपुर व अरशद निवासी मियापुरवा थानागांव सीतापुर का शांतिभंग में चालान किया गया। साथ ही छह माह के लिए पाबंद करने की भी कार्रवाई की है। सीओ सिटी नितीश कुमार तिवारी ने बताया कि दरगाह क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अभियान आगे भी जारी रहेगा।