अंबेडकरनगर। बीते दिनों बारिश और आंधी से ध्वस्त हुई बिजली व्यवस्था में सुधार शुरू हो गया है। महरूआ, सेनपुर, भीटी और मकोईया क्षेत्रों के 25 गांवों की बाधित बिजली आपूर्ति बृहस्पतिवार को बहाल कर दी गई। हालांकि बसखारी, जहांगीरगंज और आलापुर क्षेत्र के करीब 15 गांवों में तार और खंभे टूटने से अभी आपूर्ति प्रभावित है। बिजलीकर्मी फाॅल्ट ठीक करने में जुटे हैं। देर शाम तक आपूर्ति बहाल होने की संभावना जताई गई।
खंभों की कमी दूर करने के लिए बिजली विभाग के स्टोर में एक ट्रक से बड़ी संख्या में खंभे पहुंचाए गए हैं। बृहस्पतिवार को अधीक्षण अभियंता रजनीश कुमार श्रीवास्तव ने आलापुर, जहांगीरगंज और जलालपुर क्षेत्रों का दौरा कर बिजली सुधार कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कहीं तार या खंभे टूटे हों तो तत्काल ठीक कराकर आपूर्ति सुचारु कराई जाए। लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
बसखारी के बसईया गांव निवासी राजेश कुमार वर्मा, राजेश कुमार श्रवण और चंद्रभूषण ने अकबरपुर बिजलीघर पहुंचकर फाल्ट ठीक कराने की मांग की। अधीक्षण अभियंता ने संबंधित जेई को फाल्ट दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जेई और एसडीओ को जरूरत के अनुसार खंभे मंगाने तथा बिजली बकाया की वसूली कराने के भी निर्देश दिए।