अंबेडकरनगर। बरवा बैरमपुर उपकेंद्र पर लगातार दूसरे दिन रविवार को भी बिजली कटौती रही। सुबह नौ बजे से छह बजे के बीच पांच घंटे बिजली गुल रहने से 85 गांवों और शहर के 12 मोहल्लों की दो लाख की आबादी पानी के लिए हलकान रही। विभागीय अधिकारियों ने पैनल से लेकर रिले तक की जांच की गई, पर सफलता नहीं मिली। शाम पांच बजे बाद कहीं जाकर बिजली आपूर्ति चालू होने पर उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली।
रविवार सुबह आठ बजे से ही बिजलीघर पर ट्रिपिंग का दौर चालू हो गया। एक घंटे में तीन बार बिजली गुल होने पर इसकी जानकारी जेई धवनपाल ने उच्चाधिकारियों को दी। इसके बाद अधीक्षण अभियंता राजकुमार त्रिपाठी और अधिशाषी अभियंता आशीष यादव तकनीकी टीम के साथ बिजली घर पर पहुंच गए। ट्रांसफार्मर की जांच की गई। इसमें कोई फाॅल्ट नहीं मिला। इसके बाद अधीक्षण अभियंता ने रिले की सेटिंग ठीक की। इसके बाद भी बिजली की ट्रिपिंग का दौर नहीं थमा।
एक बजे अचानक बिजली गुल हो हुई। एक बजे गुल बिजली 2:25 बजे जाकर बहाल हुई। इस बीच एक घंटे 25 मिनट बिजली बाधित रही। 2:31 बजे दोबारा बिजली चली गई। एक घंटे 20 मिनट बाद 3:52 पर बहाल हुई। चार बजे से पांच बजे के बीच एक घंटे में पांच बार बिजली आती-जाती रही।
पानी की टंकी हुई खाली, गृहिणियां हुई परेशान
रविवार सुबह से लेकर शाम तक बिजली कटौती से घरों के इनवर्टर भी दगा दे गए। रविवार को नवरात्र का पहला दिन और चांद रात होने की वजह से लोगों को घरों के काम निपटाना भी मुहाल हो गया। घर के इनवर्टर तक दगा दे गए। पंख व एसी, कूलर बंद होने से लोग पसीना पोछते नजर आए। रसूलाबाद की किरन तिवारी ने बताया कि कई घंटे तक बिजली गुल रहने से पानी की टंकी खाली हो गई। इससे घरेलू कामकाज और त्योहार को लेकर साफ-सफाई में भी खासी दिक्कतें हुईं।काम निपटाने के लिए लोगों को दूर-दराज के हैंडपंप से पानी भरकर लाना पड़ा। देर शाम बिजली बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।