सीओ टांडा सत्यम के नाम से एक स्पीड पोस्ट स्थानीय डाककर्मी नागेन्द्र सिंह ने दो दिन पूर्व उनके कार्यालय में रिसीव करवाया। स्पीड पोस्ट पुलिस के एक बड़े अधिकारी के तरफ से आयी थी। लिफाफा सीओ के पास पहुंचा तो पता चला कि वह तो पहले से ही एक तरफ से खुला हुआ है।
उसे ब्लेड या फिर किसी पैनी चीज से काटे जाना प्रतीत हो रहा था। उसमें रखे सभी कागजात गायब थे। सीओ ने इस पर पोस्टमैन व पोस्टमास्टर को कार्यालय बुलवाया। उन्हें लिफाफा दिखाया गया, तो पहले आनाकानी की गई फिर कहा गया कि कागजात खोजने का प्रयास किया जाएगा।
इसके बाद सीओ टांडा के नाम से डाकघर से दो लिफाफे और मिले। उसे उनके कार्यालय भिजवा दिया गया। फटे हुए लिफाफे में जो कागजात था, उसका पता अभी तक नहीं चल पाया है। मामले में ऐसा प्रतीत हो रहा कि लिफाफे में नोट की गड्डी होने के शक में किसी ने लिफाफे को ब्लेड से फाड़ दिया।
सीओ टांडा सत्यम ने बताया कि पोस्ट ऑफिस से उन्हें जो लिफाफा प्राप्त हुआ था, वह फटा था। कागजातों की तलाश डाककर्मी कर रहे हैं। उसका पता न लगने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
डाककर्मियों की लापरवाही का यह कोई पहला मामला नहीं है। अभी बीते दिनों ही बसखारी के एक नाले में जो आधारकार्ड दर्जनों की संख्या में मिले थे, वह भी टांडा नगर में वितरित होने के लिए डाकघर में आए थे।