अंबेडकरनगर। पर्यावरण प्रदूषण को रोकने के लिए नगर पंचायत इल्तिफातगंज के पटेलनगर में जहां लगभग साढ़े 33 लाख की लागत से एमआरएफ सेंटर, तो वहीं महुवारी में 15वें वित्त के तहत 25 लाख की लागत से डंपिंग ग्राउंड का निर्माण होगा। इनके निर्माण के लिए न सिर्फ टेंडर प्रक्रिया पूर्ण की जा चुकी है, बल्कि शासन से जरूरी राशि भी नगर पंचायत को प्राप्त हो चुकी है। ऐसे में शीघ्र ही इन दोनों का कार्य प्रारंभ करा दिया जाएगा। कूड़ा निस्तारण केंद्र व डंपिंग केंद्र का निर्माण होने से सड़क के किनारे कूड़ा करकट डाले जाने से होने वाली विभिन्न प्रकार की मुश्किलों से संबंधित क्षेत्र की लगभग 15 हजार की आबादी को राहत मिलेगी।
नगर पंचायत इल्तिफातगंज के पटेलनगर व महुवारी के नागरिकों के लिए राहत की खबर है। शीघ्र ही उन्हें सड़क के किनारे नगर पंचायत द्वारा डंप किए जाने वाले कूड़ा करकट से होने वाली मुश्किलों से राहत मिलेगी। दरअसल नगर पंचायत द्वारा नगर का कूड़ा करकट पटेलनगर व आसपास के क्षेत्र में सड़क के किनारे डंप कर दिया जाता है।
इसके सड़ने आदि से उठने वाली दुर्गंध से संबंधित क्षेत्र के नागरिकों को विभिन्न प्रकार की मुश्किलें उठानी पड़ती हैं। सड़क के किनारे कूड़ा करकट न डाले जाने की मांग लंबे समय से संबंधित क्षेत्र के नागरिकों द्वारा उठाई जा रही थी। इसे देखते हुए नगर पंचायत प्रशासन ने कूड़ा निस्तारण केंद्र व डंपिंग केंद्र निर्माण के लिए शासन को पत्र भेजा था। नगर पंचायत प्रशास के अनुसार शासन ने पटेलनगर में 33 लाख 66 हजार रुपये की लागत से कूड़ा निस्तारण केंद्र तथा महुवारी मोहल्ले में 25 लाख रुपये की लागत से डंपिंग केंद्र का निर्माण कराए जाने की संस्तुति प्रदान कर दी।
अधिशाषी अधिकारी उमेश कुमार पासी ने बताया कि साढ़े 6 बिस्वां क्षेत्रफल में 33 लाख 66 हजार रुपये की लागत से कूड़ा निस्तारण केंद्र, जबकि महुवारी में ढाई बीघा क्षेत्रफल में 25 लाख रुपये की लागत से डंपिंग केंद्र का निर्माण कराया जाएगा। बताया कि इनके निर्माण के लिए ई टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। शासन से निर्माण के लिए राशि भी प्राप्त हो गई है। शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। बताया कि डंपिंग केंद्र का निर्माण 15वें वित्त आयोग के तहत कराया जाएगा।