फोटो 11, अंबेडकरनगर के टांडा रायबरेली एनएच पर इस तरह फेंका जा रहा कूड़ा।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। प्रदूषण नियंत्रण में लापरवाही अकबरपुर नगर पालिका परिषद के अधिशाषी अधिकारी को भारी पड़ गई है। नेशनल हाईवे के पास अवैध रूप से कूड़ा फेंके जाने को लेकर लेखपाल की तहरीर पर अधिशाषी अधिकारी सुरेश कुमार मौर्य के विरुद्ध अकबरपुर कोतवाली में केस दर्ज कर लिया गया है। उधर, केस दर्ज होते ही नगर पालिका प्रशासन हरकत में आ गया है। आनन-फानन में नेशनल हाइवे के पास से कूड़े का ढेर हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
प्रदूषण नियंत्रण को लेकर राज्य व केंद्र सरकार लगातार तमाम जरूरी प्रयास कर रही हैं। नगर निकायों को जरूरी फंड भी जारी किए जा रहे हैं, जिससे वे उसका सदुपयोग कर प्रदूषण नियंत्रण सुनिश्चित कर सकें। यह बात अलग है कि प्रदूषण नियंत्रण को लेकर अब भी तमाम स्तरों पर लापरवाही बरती जा रही है। ऐसी ही लापरवाही जिला मुख्यालय वाले अकबरपुर नगर में देखने को मिल रही है। यहां तमाम मुख्य मार्गों के पास ही अलग-अलग मोहल्लों से उठाया गया कूड़ा फेंका जा रहा है।
मोहल्लों से एकत्र कूड़े के समुचित निस्तारण को लेकर लगातार लापरवाही बरती जा रही। इसी के चलते नेशनल हाइवे के ठीक निकट पिछले काफी समय से अकबरपुर नगर पालिका परिषद द्वारा कूड़ा फेंका जा रहा था। इससे वहां गंदगी एकत्र होने के साथ ही आने जाने वाले नागरिकों व यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। विभिन्न माध्यमों से इसकी शिकायत जिला प्रशासन को प्राप्त हुई थी।
डीएम राकेश कुमार मिश्र ने प्रकरण को गंभीरता से लिया और अकबरपुर एसडीएम को मामले को दिखवाने का निर्देश दिया। एसडीएम ने क्षेत्रीय लेखपाल को मौके पर भेजा तो वहां शिकायत के अनुरूप गंदगी पाई गई। प्रशासन ने इस पर अत्यन्त कड़ा रुख अपनाने का निर्देश दिया। इसके बाद लेखपाल रवींद्र प्रताप मिश्र ने अकबरपुर कोतवाली पहुंचकर हाईवे के किनारे अवैध रूप से कूड़ा डालने तथा पर्यावरण को क्षति पहुंचाने के आरोप में नगर पालिका परिषद के अधिशाषी अधिकारी के विरुद्ध तहरीर दी।
इस पर कोतवाली पुलिस ने अधिशाषी अधिकारी सुरेश कुमार मौर्य के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया। गंदगी को लेकर अधिशाषी अधिकारी के विरुद्ध केस दर्ज होते ही जिले के विभिन्न निकायों में कार्यरत कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। अन्य विभागों के कर्मचारियों व अधिकारियों के कान खड़े हो गए। उधर, केस दर्ज होते ही अकबरपुर नगर पालिका प्रशासन हरकत में आ गया। आनन-फानन में हाईवे के किनारे से कूड़ा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया।