अंबेडकरनगर। पर्यावरण की बेहतरी में सहयोग करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। इसे किसी दूसरे पर डालने की बजाए सभी को आगे आना चाहिए। आने वाली पीढ़ी को बेहतर भविष्य के लिए हमें धन संपदा के बजाए प्राकृतिक संपदा को संजोए रखने की जरूरत है।
ये विचार गुरुवार को टांडा विधानसभा क्षेत्र के अलनपुर अमीनपुर में सदस्यता अभियान के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता व राष्ट्रीय परिषद सदस्य रमाशंकर सिंह ने प्रकट किया। कहा कि हमें अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए जितनी आवश्यकता आर्थिक मजबूती की है, उससे कहीं अधिक जरूरत पर्यावरण की बेहतरी की है। ऐसे में हम सभी को इसके लिए आगे आना होगा।
उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा आम जनता के हित में चलाई जा रही योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। कहा कि जागरूक होकर इसका लाभ उठाना चाहिए। इस मौके पर ग्राम प्रधान शादाब बेग, सेक्टर संयोजक केशवराम वर्मा, शशिप्रकाश कश्यप, कृष्ण कुमार अग्रहरि व धनीराम वर्मा आदि मौजूद रहे।