जलालपुर (अंबेडकरनगर)। दिनदहाड़े स्कूल बस से एक छात्रा के अपहरण की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर अपहरणकर्ता युवक के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाया। इसके बाद लोकेशन ट्रेस कर छात्रा को खोज निकालते हुए युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में मामला अपहरण के बजाय प्रेम प्रसंग का निकला।
प्रकरण कस्बा स्थित एक प्रतिष्ठित विद्यालय से जुड़ा है। बृहस्पतिवार की सुबह अकबरपुर की तरफ से एक बस बच्चों को लेकर विद्यालय पहुंची। चालक ने स्कूल में बताया कि अकबरपुर जलालपुर मार्ग पर महुवरिया रेलवे क्रॉसिंग के निकट बस में सवार एक छात्रा का एक युवक ने अपहरण कर लिया। इसकी सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी। चालक ने पुलिस को बताया कि अकबरपुर नगर से आगे जलालपुर मार्ग स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर एक युवक बाइक से पहुंचा। बस में बैठकर विद्यालय जा रही छात्रा को नीचे उतार लिया और बाइक पर बैठाकर फरार हो गया।
पूछताछ में चालक ने अपहरणकर्ता युवक का मोबाइल नंबर दिया। बताया कि इसी नंबर से बस कहां पहुंची है, यह जानने के लिए फोन आया था। चालक द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाकर पुलिस युवक व छात्रा तक पहुंच गई। दोनों को अकबरपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
जलालपुर कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि चालक द्वारा बताए गए नंबर के आधार पर शहजादपुर निवासी युवक अभिषेक यादव को पकड़ने के साथ छात्रा भी मिल गई है। मामला अपहरण के बजाय प्रेम प्रसंग से जुड़ा था।