अंबेडकरनगर पुलिस लाइन में आयोजित सम्मेलन में डीएम व एसपी के साथ मौजूद सम्मानित हुए पुलिस कर्मचा?
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। नए वर्ष के उपलक्ष्य में रविवार को पुलिस लाइन सभागार में सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान डीएम राकेश कुमार मिश्र व एसपी आलोक प्रियदर्शी ने वर्ष 2020 में कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने में सहयोग करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही आगे भी पूरी निष्ठा व ईमानदारी से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कहा कि सभी कर्मचारियों के सहयोग से ही व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकता है।
डीएम राकेश कुमार मिश्र ने पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 न सिर्फ कोरोना महामारी के लिए याद किया जाएगा, बल्कि इस दौरान आम नागरिकों को सुविधाएं व सुरक्षा मुहैया कराने में पुलिस की जिम्मेदारी का भी जिक्र होगा। जनपद के पुलिसकर्मियों ने पूरी निष्ठा व ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। न सिर्फ कानून व्यवस्था को पूरी सूझबूझ के साथ कायम रखा, बल्कि आम नागरिकों को कई तरह की सुविधाएं मुहैया कराने में भी अपनी भूमिका निभाई। कई ऐसे अवसर भी आए जब आम नागरिकों ने स्वयं पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना की।
एसपी आलोक प्रियदर्शी ने सभी पुलिसकर्मियों को नववर्ष की बधाई देते हुए आगे भी पूरी ऊर्जा के साथ अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद रहने का आह्वान किया। उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना की। कहा कि पूरे वर्ष अलग-अलग मोर्चों पर पुलिसकर्मियों ने जिस जिम्मेदारी, तत्परता, संवेदना व लगन का परिचय दिया है, उससे पुलिस के प्रति आम जनता का विश्वास और ज्यादा बढ़ा है। इसे लगातार मजबूत करते रहना होगा। बाद में डीएम व एसपी ने पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य करने के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।