चार दिन पूर्व अकबरपुर नगर के तमसा तट पर लोगों को एक बालक का शव मिला था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान का प्रयास किया था, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी थी। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
इस बीच गुरुवार को अकबरपुर थाना क्षेत्र के फत्तेपुर गांव निवासी बंशीलाल ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को बताया कि जिस बालक का शव मिला था, वह उसके पुत्र अमनराज (12) का था। बताया कि उसका पुत्र मूक बघिर था। वह कटेहरी स्थित मूकबघिर विद्यालय में कक्षा पांच का छात्र था।
25 मार्च को वह विद्यालय से लापता हो गया था। इसकी जानकारी उसने अहिरौली पुलिस को दी थी, जिस पर पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की थी। बंशीलाल ने बताया कि उसने पुत्र की तलाश के लिए पंफलेट भी छपवाकर जगह जगह लगवाए थे। इसमें उसकी पहचान का पूरा ब्यौरा दिया था।
बताया कि जिस बालक का शव मिला था, उसके शरीर पर लाल टीशर्ट थी, जबकि जिस दिन उसका पुत्र लापता हुआ था, उस समय भी उसके शरीर पर लाल टीशर्ट ही थी। बंशीलाल ने बताया कि उसकी तमाम दलीलों के बाद भी पुलिस यह मानने को तैयार नहीं है कि जिस बालक का शव मिला था, वह उसका पुत्र था।
उधर कोतवाल योगेश शाह का कहना है कि बंशीलाल अपने पुत्र की उम्र 12 वर्ष बता रहा है, जबकि जिस बालक का शव मिला था, उसकी उम्र लगभग आठ वर्ष थी। बालक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।