अंबेडकरनगर। आंशिक कर्फ्यू का सख्ती से पालन कराने के लिए रविवार को भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। जिला मुख्यालय से लेकर अन्य प्रमुख बाजारों व मार्गों पर सघन जांच अभियान चला। इस दौरान न सिर्फ बगैर किसी कारण के बाहर निकलने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की गई, बल्कि बगैर मास्क के बाहर निकलने वालों पर चालान के साथ जुर्माना भी लगाया गया।
एसपी आलोक प्रियदर्शी के निर्देश पर रविवार को भी जगह जगह सघन जांच अभियान चला। जिला मुख्यालय पर पुराने तहसील तिराहा, फव्वारा तिराहा, दोस्तपुर चौराहा, पटेलनगर तिराहा के अलावा कई अन्य क्षेत्रों में पुलिस ने बैरियर लगाकर जांच अभियान चलाया। इस दौरान बगैर किसी ठोस कारण के बाहर निकलने वालों के विरुद्ध कार्रवाई भी की गई। जो बगैर मास्क के मिला, उसके विरुद्ध न सिर्फ चालान किया गया, बल्कि जुर्माना भी उससे वसूला गया।
इसके अलावा जलालपुर, टांडा, आलापुर व भीटी तहसील क्षेत्र में भी पुलिस ने सघन जांच अभियान चलाकर आंशिक कर्फ्यू का पालन कराया। एएसपी संजय राय ने बताया कि आंशिक कर्फ्यू का सख्ती से पालन कराने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। यदि किसी ने इसका उल्लंघन किया, तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।