जलालपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि हड़पने में जनसेवा केंद्र संचालन करने वाले ग्राम प्रधान व प्राथमिक विद्यालय के एक शिक्षक की मिलीभगत का पर्दाफाश हुआ है। सिर्फ अमर उजाला ने निधि में हुई गड़बड़ी को लेकर मुहिम छेड़ी थी, जिसके बाद शुरू हुई जांच में यह तस्वीर उभरकर सामने आई। मामले में ग्राम प्रधान व शिक्षक के विरुद्ध नामजद केस जलालपुर कोतवाली में दर्ज करा दिया गया है। साथ ही अज्ञात बैंककर्मी व राजस्वकर्मी को भी केस में शामिल किया गया है। माना जा रहा है कि अभी कई अन्य गांवों की जांच में भी इसी तरह की धांधली सामने आ सकती है। ऐसा इसलिए क्योंकि अमर उजाला ने कन्नूपुर गांव में भी इसी तरह की धांधली को बीते दिनों सार्वजनिक किया था।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जिले में धांधली का शिकार हो गई है। इसमें बच्चों के नाम से खाते खोलकर योजना के तहत आई धनराशि हड़प ली गई। अमर उजाला ने इस फर्जीवाड़े का खुलासा बीते दिनों किया। अमर उजाला की इस मुहिम के बाद कई गांव के लोग सामने आए और उन्होंने बताया कि उनके बच्चों तथा भूमिहीनों के नाम से खाते खोल दिए गए हैं। मनमाने ढंग से खाते खोलकर उसमें आई धनराशि भी निकाल ली गई है। अमर उजाला द्वारा धांधली को उजागर करते ही डीएम राकेश कुमार मिश्र ने इसे अत्यंत गंभीरता से लिया। उन्होंने फौरन जांच के निर्देश दिए। इसी क्रम में उपकृषि निदेशक आरडी बागला ने उपसंभागीय कृषि प्रसार अधिकारी डा. राजमंगल चौधरी को जांच अधिकारी नियुक्त किया। अमर उजाला चूंकि सबसे पहले मुरवाह गांव में धांधली की खबर प्रकाशित की थी, इसलिए जांच का दौर मुरवाह से ही शुरू हुआ। जांच अधिकारी ने गांव पहुंचकर जांच की, तो अमर उजाला की खबरों पर मुहर लग गई। जांच में साबित हुआ कि बड़े पैमाने पर धांधली की गई है।
जांच अधिकारी ने जांच में पाया कि मुरवाह गांव में योजना के तहत 101 व्यक्ति रजिस्टर्ड थे, लेकिन न सिर्फ मुरवाह, बल्कि अन्य पुरवों के 152 व्यक्तियों के नाम से फर्जी ढंग खाता खुलवाकर योजना की धनराशि हड़प ली गई। इसमें जनसेवा केंद्र का संचालन करनेवाले ग्राम प्रधान बोधप्रकाश उपाध्याय तथा गांव के प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षक रतन सिंह की भूमिका सामने आई। जांच अधिकारी के अनुसार शिक्षक ने विद्यालय में पढ़ रहे बच्चों का आधार कार्ड व अन्य डिटेल उपलब्ध करा दिया, जिसके आधार पर जनसेवा केंद्र से योजना के तहत आवेदन कर राजस्व व बैंककर्मियों की मिलीभगत से खाता खोलते हुए धनराशि की निकासी कर ली गई। जांच अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट उपकृषि निदेशक को सौंप दी। इसके बाद उपकृषि निदेशक आरडी बागला ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की धनराशि फर्जीवाड़ा कर हड़पने के मामले में जनसेवा केंद्र का संचालन करने वाले ग्राम प्रधान तथा शिक्षक के विरुद्ध नामजद तथा अज्ञात बैंककर्मी व राजस्वकर्मी को शामिल करते हुए जलालपुर कोतवाली में तहरीर दे दी। पुलिस ने सभी संबंधित पर केस दर्ज कर लिया।
जांच अधिकारी के अनुसार प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक रतन सिंह व ग्राम प्रधान बोधप्रकाश उपाध्याय ने छात्रों के नाम से खाता खुलवाने के बाद उसमें मोबाइल नंबर अपने परिचितों का दे दिया। इसी आधार पर बाद में योजना के तहत धनराशि की निकासी कर ली गई।
धांधली संज्ञान में आते ही जांच के निर्देश दिए गए थे। जांच में गड़बड़ी सामने आई है। मामले में केस दर्ज कराकर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
- राकेश कुमार मिश्र डीएम