जलालपुर। फर्जी तरीके से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लिए आवेदन कर धन निकासी का नया मामला सामने है। पेठिया पुरवे गांव के 20 से अधिक लोगों ने उपसंभागीय कृषि प्रसार अधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर कहा है कि उनका आधार कार्ड लगा फर्जी ढंग से बचत खाता खुलवाकर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ उठाया जा रहा है। जिन नामों पर फर्जी ढंग से योजना का लाभ लिया जा रहा है, उनमें ज्यादातर ऐसे हैं जो काफी छोटी कक्षाओं में पढ़ाई कर रहे हैं। इनके पास खतौनी तक नहीं है। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उधर, पूर्व में सामने आए ऐसे ही मामलों को लेकर जिला भूमि संरक्षण अधिकारी के नेतृत्व में टीम ने कन्नूपुर व किशुनपुर गांव पहुंचकर जांच की और शिकायतकर्ताओं के आधार कार्ड लिए।
अमर उजाला द्वारा फर्जीवाड़ा उजागर किए जाने के बाद छात्र-छात्राओं के आधार कार्ड लगाकर फर्जी ढंग से बचत खाता खुलवाकर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ लेने के नये मामले हर दिन सामने आ रहे हैं। बीते दिनों ही कन्नूपुर ग्राम पंचायत के मुरवाह व किशुनपुर पुरवे में 100 से अधिक छात्र-छात्राओं व बच्चों के आधार कार्ड लगाकर योजना का लाभ लिए जाने का मामला प्रकाश में आया था। जिला प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए टीम का गठन भी कर दिया था। इस मामले की जांच अभी शुरू ही हुई थी कि अब इसी ग्राम पंचायत के पुरवे पेठिया में भी इसी प्रकार की धांधली का मामला प्रकाश में आया।
मंगलवार को 20 से अधिक ग्रामीणों ने उपसंभागीय कृषि प्रसार अधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर कहा कि उनके बच्चों का आधार कार्ड लगाकर योजना का लाभ फर्जी ढंग से उठाया जा रहा है। शिकायतीपत्र में कहा गया कि जिनके आधार कार्ड लगाकर आवेदन किए गए हैं, उनमें से किसी के पास खतौनी नहीं है।
अधिकारी को सौंपे गए शिकायती पत्र में कहा गया कि पेठिया पुरवे की अनीता, कक्षा 4 की छात्रा अंशिका, कक्षा 12 की अंजलि, कक्षा 9 की खुश्बू, रामनायक, कक्षा 4 की मंजू, कक्षा 12 की प्रीति, बीए की ममता, बीए के गोविंदा समेत 20 से अधिक ऐसे हैं, जिनके पास खतौनी नहीं है, लेकिन इसके बाद भी उनका आधार कार्ड लगाकर बचत खाता खुलवाकर योजना का लाभ उठाया जा रहा है। कहा गया कि धांधली की जानकारी उन्हें तब हुई, जब पूर्व में इसी प्रकार के आए मामले को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अपने अपने आधार कार्ड नंबर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की वेबसाइट पर डाले। पता चला कि 20 से अधिक नामों पर फर्जी ढंग से योजना का लाभ उठाया जा रहा है।
पूर्व में योजना को लेकर सामने आई धांधली के मद्देनजर डीएम राकेश कुमार मिश्र के निर्देश पर जिला भूमि संरक्षण अधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम ने एक दिन पहले कन्नूपुर के पुरवे मुरवाह व किशुनपुर पहुंचकर मामले की जांच की। टीम के सदस्यों ने शिकायतकर्ताओं से मुलाकात की और जरूरी जानकारी हासिल की। साथ ही सभी के आधार कार्ड भी लिए। भरोसा दिलाया गया कि मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी। किसी प्रकार की गड़बड़ी मिली तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।