अंबेडकरनगर। ग्रामीण खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने व उनको बेहतर मंच देने के लिए युवा कल्याण विभाग ने रामनगर के न्योरी में ग्रामीण स्टेडियम के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा है।
विभाग की ओर से भूमि का चयन कर लिया गया है। प्रारंभिक स्तर पर योजना का खाका भी तैयार कर लिया गया है। इसके निर्माण में लगभग छह करोड़ रुपये खर्च होंगे। स्टेडियम का निर्माण आधुनिक मानकों पर किया जाएगा। इसमें एथलेटिक ट्रैक, फुटबॉल और क्रिकेट मैदान, दर्शक दीर्घा, ड्रेसिंग रूम, फिटनेस जोन, जिम, पानी व शौचालय की व्यवस्था और प्रशासनिक भवन जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इस स्टेडियम के बनने से ग्रामीण क्षेत्र के खिलाडियों को अभ्यास के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। अभी तक क्षेत्र में कोई इस तरीके का स्टेडियम नहीं था। जहां पर खिलाड़ी अभ्यास कर सकें। इसके चलते कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी अभ्यास और प्रतियोगिताओं के अवसरों से वंचित रह जाते हैं।
खिलाडियों को मिलेगा अवसर
ग्रामीण क्षेत्रों में कई खिलाड़ी सुविधाओं के अभाव में अपने खेल कॅरियर को आगे नहीं बढ़ा पाते। नए स्टेडियम के बनने से उन्हें न केवल अभ्यास के लिए स्थान मिलेगा, बल्कि जिला, मंडल और राज्य स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित करने का भी अवसर प्राप्त होगा।
-
भेजा गया प्रस्ताव
रामनगर के न्योरी ग्राम पंचायत में ग्रामीण स्टेडियम में बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सुभाषिनी, जिला युवा कल्याण अधिकारी