अंबेडकरनगर। प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालक हैंडबाल प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करने के लिए शनिवार को एकलव्य स्टेडियम में जिला स्तरीय चयन ट्रायल का आयोजन किया गया। ट्रायल में शामिल खिलाड़ियों ने मैदान पर अपने खेल कौशल और प्रदर्शन के दम पर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा।
विज्ञापन
प्रदर्शन के आधार पर सात खिलाड़ियों को अगले चरण के लिए चुना गया। चयनित खिलाड़ियों में उत्कर्ष, ऋषि कुमार, श्रीहरि, आर्यन, अनूप, आंशिक पटेल और देवांश मिश्रा शामिल हैं। अब इन खिलाड़ियों को मंडल स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करनी होगी। जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. मंजूर आलम अंसारी ने बताया कि जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ी दो नवंबर को अयोध्या में आयोजित मंडलीय ट्रायल में प्रतिभाग करेंगे। वहां चयनित होने वाले खिलाड़ियों को चार से सात नवंबर तक आजमगढ़ में होने वाली प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालक हैंडबाल प्रतियोगिता में खेलने का अवसर मिलेगा। (संवाद)