अंबेडकरनगर। अटेवा पुरानी पेंशन बहाली मंच के पदाधिकारियों ने पुरानी पेंशन की बहाली के लिए शुक्रवार को जिला संयोजक रामबली त्रिशरण के नेतृत्व में डॉ. जीके जेतली इंटर कॉलेज अकबरपुर परिसर में पौधरोपण किया। वक्ताओं ने कहा कि पुरानी पेंशन के अधिकार से वंचित कर दिया जाना किसी भी नजरिये से उचित नहीं है।
प्रधानाचार्य डॉ. विनय कुमार व अटेवा के जिला संयोजक रामबली त्रिशरण के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने पेंशन रूपी पौधे का रोपण किया। साथ ही पुरानी पेंशन की बहाली के लिए आवाज बुलंद की। जिला संयोजक ने कहा कि बेहतर भविष्य के लिये लगातार पौधरोपण की जरूरत है। बिना इसके सहज व सुखद भविष्य की कल्पना नहीं की जा सकती। कहा कि पुरानी पेंशन को बंद कर सरकार ने शिक्षकों व कर्मचारियों के बुढ़ापे की लाठी छीन ली है। इससे उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा।
मंडल अध्यक्ष संदीप पटेल ने कहा कि पुुरानी पेंशन बहाली को लेकर संघर्ष जारी रहेगा। पुुरानी पेंशन हर शिक्षक व कर्मचारी का हक है। प्रदेशीय मंत्री संजय उपाध्याय ने संगठन की मजबूती पर जोर दिया। जिला आईटी सेल प्रभारी श्याम भूषण सोनी ने कहा की जब सांसद व विधायक को पुरानी पेंशन तो शिक्षकों, कर्मचारियों व अधिकारियों को पुरानी पेंशन क्यों नहीं।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद कुमार मौर्य ने कहा कि निजीकरण अमीरों द्वारा गरीबों व असहाय के साथ रचा गया षड़्यंत्र है। मंत्री डॉ. अरविंद यादव ने कहा कि निजीकरण गरीबों को सरकारी सेवाओं में अवसर उपलब्ध कराने में बाधक है जिसका हम हर स्तर पर विरोध करते रहेंगे।
इससे पहले पदाधिकारियों ने बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया। इस मौके पर प्रदेश सलाहकार राकेश रमन यादव, जिला महामंत्री धर्मेंद्र यादव, कोषाध्यक्ष अनुज वर्मा, बैरागी यादव, सियाराम वर्मा, ताजदार खान, शैलेंद्र यादव, प्रमोद वर्मा, शैलेंद्र, शशि मिश्रा, रवींद्र ग्रेसियस व अरुण वर्मा आदि मौजूद रहे।