महरुआ अंबेडकरनगर। पशु तस्करों का पीछा कर रही पुलिस पर पथराव कर भागने के प्रयास में गोवंश से लदा पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे दो गाेवंशीय पशुओं की मौत हो गई। शनिवार मध्यरात्रि के बाद औरंगनगर के निकट हुए मामले में पुलिस ने भाग रहे दो पशु तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
शनिवार मध्यरात्रि के बाद गोवंशीय पशुओं से लदा एक पिकअप अकबरपुर से महरुआ की तरफ जा रहा था। जब वाहन महरुआ के निकट पहुंचा तो वहां पुलिस कर्मियों को देखकर पशुतस्करों ने वाहन को औरंगनगर की तरफ मोड़ दिया। इस पर वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। पुलिस कर्मियों को पीछे आता देख पशु तस्करों ने पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर चलाना प्रारंभ कर दिया। इसी दौरान पिकअप अनियंत्रित हो गया। जब तक चालक वाहन को संभालता कुछ दूर जाकर वाहन सड़क के किनारे गड्ढे में पलट गया। इससे दो पशुओं की मौत हो गई। वाहन पर कुल छह गोवंशीय पशु थे।
इस बीच वाहन पर सवार दो व्यक्ति अंधेरे का लाभ उठाकर भागने लगे। हालांकि पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर उन्हें पकड़ लिया। उनकी पहचान सलीम निवासी बस्तीपुर थाना भीटी व कुलई उर्फ राकेश यादव निवासी बासूपुर थाना भीटी के रूप में हुई। प्रभारी रमाशंकर सरोज ने बताया कि मामले में जरूरी कार्रवाई की जा रही है।