फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambedkar Nagar News: पीईटी आज, 23 केंद्रों पर 19,632 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

विज्ञापन
बीएन इंटर कॉलेज अकबरपुर में परीक्षा को लेकर ​शिक्षकों को दिशा निर्देश देते प्रधानाचार्य राकेश म
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 रविवार को जिले के 23 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में होगी। प्रत्येक पाली में 9,816 अभ्यर्थी शामिल होंगे। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक चलेगी। परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सभी केंद्रों पर स्टेटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
विज्ञापन

परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शनिवार को केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र प्रभारियों ने शिक्षकों के साथ बैठक की। इस दौरान सिटिंग प्लान को अंतिम रूप दिया गया। बीएन इंटर कॉलेज और बीएनकेबी पीजी कॉलेज में कक्षों की सफाई, सीटों पर रोल नंबर चस्पा करने सहित अन्य व्यवस्थाएं पूरी की गईं। जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने कई केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला विद्यालय निरीक्षक कौस्तुभ सिंह ने भी केंद्रों पर पहुंचकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक सामान ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा।
चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नजर
परीक्षा में गड़बड़ी रोकने के लिए केंद्रों के अंदर और बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। महिला और पुरुष अभ्यर्थियों की तलाशी के लिए अलग-अलग कर्मियों की तैनाती होगी। बायोमीट्रिक जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में फोटोकॉपी की दुकानें बंद रहेंगी। आसपास बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी। खुफिया पुलिस होटलों और आबादी वाले क्षेत्रों पर नजर रखेगी। सोशल मीडिया की निगरानी भी की जाएगी। इसके अलावा केंद्रों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति और आसपास एंबुलेंस व चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन

आधा घंटा पहले बंद हो जाएगा प्रवेश
अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम डेढ़ घंटे पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है। पहली पाली में सुबह आठ से 9:30 बजे तक और दूसरी पाली में दोपहर एक से 2:30 बजे तक प्रवेश मिलेगा। निर्धारित समय के बाद प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थी प्रिंटेड प्रवेश पत्र और मान्य मूल फोटो पहचान पत्र साथ लेकर पहुंचें। ओएमआर शीट भरने के लिए निर्देशों में निर्धारित बॉल पेन का ही इस्तेमाल करें। प्रत्येक गलत उत्तर पर एक-चौथाई अंक की कटौती होगी, इसलिए उत्तर सोच-समझकर दें। प्रश्न पुस्तिका और ओएमआर शीट पर दिए गए निर्देश ध्यान से पढ़ें। रोल नंबर और अन्य विवरण भरते समय विशेष सावधानी बरतें।
इन केंद्रों पर होगी परीक्षा
जिले में आदर्श जनता इंटर कॉलेज टांडा, बीएनकेबी कॉलेज अकबरपुर, बीएनकेबी पीजी कॉलेज अकबरपुर, डॉ. गणेश कुमार जेटली इंटर कॉलेज अकबरपुर, राजकीय इंटर कॉलेज इंडस्ट्रियल एस्टेट विद्युतनगर टांडा, एफटी इंटर कॉलेज टांडा, जयराम वर्मा बापू स्मारक इंटर कॉलेज नाऊसांडा, जनता इंटर कॉलेज फतेहपुर बड़गांव जलालपुर, जनता इंटर कॉलेज महरुआ गोला, मिर्जालाल आर्य कन्या इंटर कॉलेज टांडा, मोहराई नेशनल इंटर कॉलेज हंसवर, नरेंद्र देव इंटर कॉलेज जलालपुर, कौमी इंटर कॉलेज टांडा, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज अकबरपुर, रामदेव जनता इंटर कॉलेज बरियावन, रामदेव जनता इंटर कॉलेज कटेहरी, एलबी राजकीय महिला महाविद्यालय अकबरपुर, एसबी नेशनल इंटर कॉलेज बसखारी, एसएन इंटर कॉलेज इंदईपुर, सरदार पटेल स्मारक इंटर कॉलेज रामपुर, शास्त्री औद्योगिक इंटर कॉलेज कासिमपुर, श्री राजेंद्र छात्र इंटर कॉलेज हंसवर और टीएनपी इंटर कॉलेज टांडा को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें