अंबेडकरनगर। बारिश के बाद लोकल फॉल्ट की वजह से शुक्रवार को बिजली आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। 15 स्थानों पर पेड़ तो 10 जगह खंभे गिरने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। देवरिया बुजुर्ग में ट्रांसफार्मर गिरने से आपूर्ति बाधित है। शहर के कई मोहल्लों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक लोग बिजली संकट से जूझ रहे हैं। भियांव के नेवादा उपकेंद्र से जुड़े कई गांवों में लगातार बिजली कटौती और ट्रिपिंग से परेशान लोगों का गुस्सा एक बार फिर फूट पड़ा। शुक्रवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने उपकेंद्र का घेराव कर नारेबाजी की।
जलालपुर के विद्युत उपकेंद्र नेवादा पर शुक्रवार को ग्रामीणों ने बिजली कटौती को लेकर जमकर हंगामा किया। सेहरी फीडर के दौलताबाद के करीब 100 ग्रामीणों ने केंद्र का घेराव किया। ग्रामीणों को देख अवर अभियंता राकेश कुमार मौके से निकल गए। उपखंड अधिकारी नरेश राठौर ने ग्रामीणों को शांत कराते हुए जल्द बिजली आपूर्ति का आश्वासन देकर वापस भेजा। इस फीडर से जुड़े नोनहार, भीखपुर, नेवादा, पकौली, गारौपुर, दौलताबाद बेबी कोल, शेखपुरा शिवपाल सेहरी के ग्रामीण प्रभावित है।
शहर के बरवा बैरमपुर उपकेंद्र पर रात भर हर आधे घंटे में कटौती होती रही। सुबह के समय बारिश हुई तो आपूर्ति पूरी तरह से बेपटरी हो गई। वीआईपी फीडर पर रात में करीब 12 बजे फॉल्ट के कारण आपूर्ति बाधित हो गई। हालात यह हो गए कि सुबह तक लोगों को बिजली के संकट से जूझना पड़ा। इस फीडर पर कलेक्ट्रेट, पुलिस लाइन, विकास भवन व जिला चिकित्सालय जैसे अहम भवन होने के बाद भी फॉल्ट कम होने का नाम नहीं ले रही है।
यहां भी होती रही कटौती
महरुआ पावर हाउस से जुड़े नसीरपुर, धर्मपुर, बेस्ट और पाटवना फीडरों पर बृहस्पतिवार रात 12 बजे तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित रही। बिजली आने के बाद भी वोल्टेज मात्र 80 से 100 के बीच रहा जिससे पंखे और कूलर तक नहीं चल पाए। रात करीब 1.40 बजे 33 केवी लाइन गिरने से रात भर आपूर्ति बंद हो गई।
भीटी क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्र सेनपुर में रोस्टर के हिसाब से आपूर्ति हो रही है, वहीं भीटी में हर 10 मिनट पर कटौती से लोग बेहाल है। जमुनीपुर क्षेत्र के दल्लापुर फीडर पर बृहस्पतिवार शाम से ही ड्राॅफ्टिंग के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित है। रात में चार घंटे और सुबह से करीब तीन घंटे एक दर्जन गांवों की बिजली गुल रही।
विद्युत उपकेंद्र तेंदुआईकला से संबंधित फीडर गिरैया बाजार की बिजली आंधी पानी के चलते बृहस्पतिवार रात से शुक्रवार दोपहर दो बजे के बाद तक बाधित रही। शिवराज पट्टी कल्याणपुर, इसहाकपुर, केदरुपुर, जल्लापुर, सोल्हवा, नसीरपुर, छितौंना, उमरी जलाल, आदमपुर, अशरफपुर, कोटिया, जैंती समेत 30 गांवों के लोग प्रभावित हुए।
रात में हुई बारिश के बाद मांग में कमी आई है लेकिन कई स्थानों पर खंभे, पेड़ और ट्रांसफार्मर गिरने से ब्रेक डाउन है। मुख्य रूप से आलापुर, जाफरगंज व टांडा क्षेत्रों में समस्या है। टीमें भेजकर लाइनों को दुरुस्त कराया जा रहा है। जल्द आपूर्ति शुरू कराने का प्रयास है।
- राजकुमार त्रिपाठी, अधीक्षण अभियंता