अंबेडकरनगर। महरुआ थाना परिसर में गुरुवार को एडीएम व एएसपी की मौजूदगी में पीस कमेटी की बैठक हुई। इसमें अधिकारियों ने मुहर्रम के दौरान सरकार की गाइडलाइन का शत-प्रतिशत पालन कराने पर जोर दिया। कहा कि यदि कोई नियमों की अनदेखी करता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
मुहर्रम को लेकर एक दिन पूर्व महरुआ थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक हुई। एडीएम डॉ. पंकज वर्मा व एएसपी अवनीश कुमार मिश्र की मौजूदगी में दिशा-निर्देश दिए गए। एडीएम ने कहा कि मुहर्रम व अगस्त माह में पड़ने वाले त्यौहारों को लेकर पूरी संजीदगी बरती जाए। सरकार की तरफ से जारी गाइडलाइन का शत-प्रतिशत पालन हो, इस पर अधिकारियों व पुलिसकर्मियों को पूरा फोकस करना होगा।
एएसपी ने कहा कि मुहर्रम के दौरान ढोल व ताशे नहीं बजेंगे। घर में ही कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यदि नियमों की कोई अनदेखी करता पाया गया तो संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने उपस्थित संभ्रांत नागरिकों से आह्वान किया कि सभी लोग अपनी जिम्मेदारियों का परिचय दें और सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन कर दूसरों से भी इसका पालन सुनिश्चित कराएं। इस मौके पर मैनुद्दीन, सरफराज, सिकंदर आदि मौजूद रहे।