अंबेडकरनगर। जिलाधिकारी ने देर शाम कोविड-19 की रोकथाम व वैक्सीनेशन को लेकर बैठक की। सीएमओ कार्यालय पर आयोजित बैठक में डीएम ने कोरोना संक्रमण को रोकने को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से की गई तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान डीएम सैमुअल पॉल एन ने सीएमओ को शासन की गाइडलाइन के अनुसार सभी प्रबंध करने का निर्देश दिया। कहा कि अस्पतालों में कोरोना जांच की संख्या बढ़ाने के साथ ही वैक्सीनेशन पर विशेष ध्यान दिया जाए।
डीएम ने कहा कि सभी को अपनी ड्यूटी जिम्मेदारी के साथ करनी है। कोरोना संक्रमण के बारे में नागरिकों को जागरूक करने की जरूरत है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि जिले में कोरोना वैक्सीनेशन का कार्य तेजी से चल रहा है। बताया कि सोमवार को 5400 नागरिकों को वैक्सीन लगाया गया। डीएम ने कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया जाता है तो उसके आसपास के सबसे नजदीकी 25 सहयोगियों को अनिवार्य रूप से टीका लगाया जाए।
मुंबई से आने वाले तीन व्यक्तियों से डीएम ने दूरभाष पर वार्ता कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। साथ ही सभी गेहूं क्रय केंद्रों पर पल्स ऑक्सीमीटर व थर्मामीटर की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। बाहर से आने वाले नागरिकों को सुझाव दिया गया कि वह अनिवार्य रूप से आरटीपीसीआर जांच कराएं। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।